अवैध बालू लदे पांच ट्रैक्टर व तीन जुगाड़ गाड़ी जब्त, तीन धंधेबाज गिरफ्तार

NAWADA NEWS.जिले में अवैध बालू खनन के खिलाफ खनन विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है. विभिन्न थाना क्षेत्रों में की गयी छापेमारी के दौरान अवैध बालू लदे पांच ट्रैक्टर और तीन जुगाड़ वाहनों को जब्त किया गया है. वहीं नगर क्षेत्र से बाप-बेटे सहित तीन धंधेबाजों को गिरफ्तार किया गया है.

प्रतिनिधि, नवादा कार्यालय

जिले में अवैध बालू खनन के खिलाफ खनन विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है. विभिन्न थाना क्षेत्रों में की गयी छापेमारी के दौरान अवैध बालू लदे पांच ट्रैक्टर और तीन जुगाड़ वाहनों को जब्त किया गया है. वहीं नगर क्षेत्र से बाप-बेटे सहित तीन धंधेबाजों को गिरफ्तार किया गया है. गुप्त सूचना के आधार पर खनन विभाग ने स्थानीय पुलिस के सहयोग से नगर थाना क्षेत्र के सकरी नदी इलाके में छापेमारी की. इस दौरान आषाढ़ी मोड़ के पास से अवैध बालू का परिवहन करते एक ट्रैक्टर को जब्त किया गया. साथ ही मौके से पुलिस ने तीन धंधेबाजों को गिरफ्तार किया. गिरफ्तार आरोपितों की पहचान नगर थाना क्षेत्र के आषाढ़ी गांव निवासी हरी राजवंशी के पुत्र नंदू राजवंशी, उसके पुत्र रोहित राजवंशी और राजकुमार राजवंशी के पुत्र राहुल कुमार के रूप में की गयी है. इधर, नारदीगंज थाना क्षेत्र के इचुआ स्थित पंचाने नदी से अवैध बालू लदे दो ट्रैक्टर जब्त किये गये. हालांकि छापेमारी से पूर्व ही वहां मौजूद धंधेबाज फरार हो गये. इसी तरह रोह थाना क्षेत्र के जागीर गांव के पास से एक ट्रैक्टर और हिसुआ थाना क्षेत्र के एक ठिकाने से एक अन्य ट्रैक्टर जब्त किया गया, लेकिन चालक मौके से भागने में सफल रहे. इसके अलावा कादिरगंज थाना क्षेत्र के पुराने ओपी भवन के पास से अवैध बालू लदे तीन जुगाड़ वाहन पकड़े गये, जबकि उनके चालक फरार हो गये.

छह लाख रुपये लगाया गया जुर्माना

खनन निरीक्षक संतोष प्रकाश झा ने बताया कि जब्त सभी ट्रैक्टर और अन्य वाहनों के संबंध में संबंधित थानों में ट्रैक्टर मालिकों व चालकों के विरुद्ध अवैध खनन, परिवहन एवं भंडारण अधिनियम के तहत प्राथमिकी दर्ज की गयी है. संशोधित अधिनियम के तहत प्रति ट्रैक्टर एक लाख रुपये से अधिक और प्रत्येक जुगाड़ वाहन पर करीब 25 हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया है. कुल जुर्माने की राशि लगभग छह लाख रुपये आंकी गयी है.उल्लेखनीय है कि जिले में अवैध बालू खनन के विरुद्ध लगातार कार्रवाई के बावजूद धंधेबाज बाज नहीं आ रहे हैं. बीते दिन नरहट थाना क्षेत्र में धनंजय नदी से दो ट्रैक्टर जब्त किये गये थे. नये वर्ष के मात्र पांच दिनों में जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों से कुल 12 ट्रैक्टर जब्त किये जा चुके हैं, इसके बावजूद अवैध खनन पर पूरी तरह अंकुश नहीं लग पाया है.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Manoj kumar

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >