Nawada News : नीट आंदोलन के दौरान पालीगंज विधायक संदीप सौरव पर दर्ज मुकदमा वापस लेने, नगरनौसा के आंदोलनकारियों पर दर्ज मामलों को हटाने तथा शिक्षा से जुड़े विभिन्न मुद्दों को लेकर गुरुवार को भाकपा माले ने प्रदर्शन किया. संकल्प दिवस के अवसर पर निकाला गया जुलूस नगर थाना के समीप से शुरू होकर भगत सिंह चौक पहुंचा, जहां सभा आयोजित की गई.
शिक्षा से जुड़े कई मुद्दे उठाए
सभा में वक्ताओं ने बिहार के विश्वविद्यालयों में फीस वृद्धि का विरोध करते हुए इसे वापस लेने की मांग की. साथ ही ऑनर्स में 7.5 सीजीपीए की अनिवार्यता समाप्त करने, शिक्षा के बाजारीकरण पर रोक लगाने तथा निजी विश्वविद्यालय अधिनियम वापस लेने की मांग उठाई.
'छात्रों को बिना शर्त रिहा किया जाए'
सभा को संबोधित करते हुए भाकपा माले जिला कमेटी सदस्य नरेंद्र प्रसाद सिंह ने आरोप लगाया कि सरकार को नीट आंदोलन के दौरान गिरफ्तार किए गए छात्रों को बिना शर्त रिहा करना चाहिए. उन्होंने कहा कि छात्रों और युवाओं के आंदोलन को बल प्रयोग से दबाया नहीं जा सकता. प्रदर्शन और सभा में सावित्री देवी, सुदामा देवी, प्रमोद यादव, मंटू कुमार, मेवालाल राजवंशी, अनुज प्रसाद, अर्जुन पासवान, अशोक मांझी, रामबालक मांझी, कुंती देवी, रजिया देवी सहित बड़ी संख्या में महिला एवं पुरुष कार्यकर्ता शामिल हुए.
