जर्जर भवन में पढ़ने को मजबूर 105 बच्चे, बारिश में टपकती छत से बढ़ा हादसे का खतरा

Nawada News : अकबरपुर के भट्ट बीघा प्राथमिक विद्यालय की छत जर्जर होने से बच्चे परेशान हैं. बारिश में टपकती छत के नीचे पढ़ाई करने को मजबूर हैं छात्र, प्रशासन से मदद की गुहार.

Nawada News : अकबरपुर प्रखंड की बलिया बुजुर्ग पंचायत के भट्ट बीघा गांव स्थित प्राथमिक विद्यालय का भवन पूरी तरह जर्जर हो चुका है. बरसात के दिनों में विद्यालय की छत से पानी टपकता है, जिससे बच्चों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है. भवन की स्थिति इतनी खराब है कि किसी भी समय बड़ा हादसा हो सकता है. इसके बावजूद मजबूरी में इसी भवन में बच्चों की पढ़ाई कराई जा रही है.

प्रधानाध्यापक बोले, कई बार भेजा गया प्रतिवेदन

विद्यालय के प्रधानाध्यापक उदय वर्मा ने बताया कि भवन की जर्जर स्थिति से विभाग को कई बार पत्राचार के माध्यम से अवगत कराया जा चुका है, लेकिन अब तक कोई ठोस पहल नहीं हुई है. उन्होंने कहा कि बारिश के दौरान कमरों में पानी भर जाता है और छत से लगातार पानी टपकता रहता है, जिससे पठन-पाठन बाधित होता है.

तीन शिक्षकों के भरोसे चल रहा विद्यालय

प्रधानाध्यापक ने बताया कि विद्यालय में 105 बच्चों का नामांकन है. पहले यहां पांच शिक्षक कार्यरत थे, लेकिन दो शिक्षकों के सेवानिवृत्त होने के बाद अब केवल तीन शिक्षक ही रह गए हैं. कम शिक्षकों के कारण शैक्षणिक और प्रशासनिक कार्यों का संचालन करना कठिन हो गया है.

ग्रामीणों ने की भवन निर्माण और शिक्षकों की मांग

ग्रामीणों और अभिभावकों ने विभाग से विद्यालय भवन का पुनर्निर्माण कराने तथा शिक्षकों की कमी दूर करने की मांग की है. उनका कहना है कि बच्चों को सुरक्षित वातावरण में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराना सरकार और विभाग की जिम्मेदारी है.

क्या कहते हैं बीईओ

प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी विद्यानंद कुमार ने कहा कि विद्यालय भवन की जर्जर स्थिति की जानकारी प्राप्त हुई है. संबंधित विद्यालय से मिले प्रतिवेदन के आधार पर उच्च अधिकारियों को प्रस्ताव भेजा जाएगा. उन्होंने बताया कि शिक्षकों की कमी के संबंध में भी विभागीय स्तर पर आवश्यक कार्रवाई के लिए पहल की जाएगी, ताकि विद्यालय में पठन-पाठन सुचारु रूप से संचालित हो सके.

Also Read : अपराध नियंत्रण को लेकर एसपी ने की समीक्षा बैठक, थानाध्यक्षों को त्वरित कार्रवाई के दिए निर्देश


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Anil kumar

ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >