प्रतिनिधि अकबरपुर राष्ट्रीय शिक्षक पुरस्कार 2026 के लिए योग्य शिक्षकों से ऑनलाइन आवेदन करने की अपील की गई है. इस संबंध में बिहार शिक्षा परियोजना परिषद, पटना द्वारा जारी पत्र के आलोक में अकबरपुर प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी विद्यानंद कुमार ने प्रखंड के सभी सरकारी विद्यालयों के शिक्षकों से समय रहते आवेदन करने का आग्रह किया है. प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी विद्यानंद कुमार ने कहा कि राष्ट्रीय शिक्षक पुरस्कार उन शिक्षकों को प्रदान किया जाता है, जिन्होंने शिक्षा के क्षेत्र में नवाचार, समर्पण एवं उत्कृष्ट कार्य के माध्यम से विद्यार्थियों और समाज पर सकारात्मक प्रभाव छोड़ा है. उन्होंने कहा कि विभाग द्वारा जारी निर्देश के अनुसार योग्य शिक्षक राष्ट्रीय शिक्षक पुरस्कार के लिए स्वयं ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं. उन्होंने कहा, विभाग के द्वारा जारी पत्र के आलोक में योग्य शिक्षकों को राष्ट्रीय शिक्षक पुरस्कार के लिए आवेदन करना है. जो शिक्षक यह समझते हैं कि वे आवेदन करने के पात्र हैं, वे अवश्य आवेदन करें.
उन्होने कहा कि हम और आपके बीच से ही राष्ट्रीय स्तर का पुरस्कार मिल रहा है. ऐसे पुरस्कार न केवल शिक्षक का सम्मान बढ़ाते हैं, बल्कि पूरे प्रखंड और जिले का नाम भी रोशन करते हैं. उन्होंने बताया कि राष्ट्रीय शिक्षक पुरस्कार पोर्टल पर 10 जुलाई 2026 तक ऑनलाइन स्व-नामांकन किया जा सकता है, जबकि आवेदन को अंतिम रूप से 13 जुलाई 2026 तक जमा करने की सुविधा उपलब्ध है. उन्होंने सभी प्रधानाध्यापकों से भी अपील की कि वे अपने विद्यालयों के योग्य शिक्षकों को आवेदन के लिए प्रेरित करें, ताकि अधिक से अधिक शिक्षक इस प्रतिष्ठित राष्ट्रीय सम्मान के लिए अपनी दावेदारी प्रस्तुत कर सकें.
