राजगीर (नालंदा) : राजगीर थाना क्षेत्र के हसनपुर गांव स्थित तालाब में शुक्रवार को मूर्ति विसर्जन करने गये एक 14 वर्षीय छात्र की मौत डूबने से हो गयी. मृतक की शिनाख्त गया जिले के नीमचक बथानी थाना क्षेत्र के नरौनी गांव निवासी रामकुमार का पुत्र 14 वर्षीय पुत्र शुभम कुमार के रूप में की गयी है. जो राजगीर में अपने नौनिहाल दांगी टोला में नाना-नानी के साथ रह कर पास के ही ज्ञान सागर नामक निजी विद्यालय में सप्तम वर्ग में पढ़ाई -लिखाई कर रहा था. जानकारी के अनुसार शुक्रवार के दिन शुभम कुमार अपने विद्यालय से मां सरस्वती की प्रतिमा विसर्जन के लिए हसनपुर के तालाब पर गया था.
इस क्रम में वह प्रतिमा के साथ तालाब के गहरे पानी में उतर गया. ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों द्वारा उसे आनन- फानन में अनुमंडलीय अस्पताल राजगीर में इलाज के लिए भरती कराया, जहां चिकित्सक ने उसे मृत घोषित कर दिया. घटना की सूचना पाकर राजगीर थानाध्यक्ष उदय शंकर, प्रखंड विकास पदाधिकारी आनंद मोहन सहित अन्य प्रशासनिक पदाधिकारी अस्पताल पहुंचे. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल, बिहारशरीफ भेज दिया.
