कल्याण बिगहा अस्पताल में बढ़ेंगी सुविधाएं

मरीजों को मिलेगी सिजेरियन की सुविधा रोगियों को इलाज कराने में होगी सहूलियत बिहारशरीफ : रोगियों को बेहतर से बेहतर चिकित्सा सेवा प्रदान करने के लिए सरकार ने ठोस पहल की है. ग्रामीण क्षेत्रों में अवस्थित लोग भी सहज रूप से स्वास्थ्य योजना का लाभ उठा सके. जिले के ग्रामीण इलाकों में भी मरीजों के […]

मरीजों को मिलेगी सिजेरियन की सुविधा

रोगियों को इलाज कराने में होगी सहूलियत
बिहारशरीफ : रोगियों को बेहतर से बेहतर चिकित्सा सेवा प्रदान करने के लिए सरकार ने ठोस पहल की है. ग्रामीण क्षेत्रों में अवस्थित लोग भी सहज रूप से स्वास्थ्य योजना का लाभ उठा सके. जिले के ग्रामीण इलाकों में भी मरीजों के इलाज के लिए अस्पताल सरकार की ओर से संचालित किये जा रहे हैं. जिले के कल्याण बिगहा अस्पताल में चिकित्सीय सुविधाएं निकट भविष्य में बढ़ेंगी.
निदेशक प्रमुख ने किया कल्याण बिगहा अस्पताल का निरीक्षण
इस अस्पताल में चिकित्सा व्यवस्था को और भी सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से निदेशक प्रमुख, स्वास्थ्य सेवाएं डॉ केपी सिन्हा ने गुरुवार को नालंदा पहुंचकर कल्याण बिगहा अस्पताल का निरीक्षण किया था.
इस दौरान उन्होंने वहां की चिकित्सीय व्यवस्थाओं का जायजा लिया. अस्पताल के विभिन्न वार्डों का भी निरीक्षण किया. अस्पताल में आने वाले व भरती होने वाले मरीजों को उपलब्ध करायी जा रही चिकित्सा सेवा के बारे में अस्पताल के प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी से जानकारी प्राप्त की. उपलब्ध व्यवस्था पर उन्होंने संतोष जताया.
चिकित्सा सुविधाएं और बढ़ाने की दिशा में की पहल
निदेशक प्रमुख डॉ सिन्हा ने निरीक्षण के दौरान कल्याण बिगहा अस्पताल में और भी चिकित्सा सुविधाएं बढ़ाने की दिशा में ठोस पहल शुरू की है. सिविल सर्जन डॉ सुबोध प्रसाद सिंह ने बताया कि इसके लिए अस्पताल में पदस्थापित चिकित्सा पदाधिकारियों व प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी को कई दिशा-निर्देश भी दिये. निदेशक प्रमुख ने इस अस्पताल में मरीजों को सिजेरियन व अन्य ऑपरेशन उपलब्ध कराने की दिशा में पहल की. ताकि मरीजों को सिजेरियन ऑपरेशन का भी लाभ इस अस्पताल में सहज रूप से उपलब्ध हो सके. इस दौरान अस्पताल में कार्यरत चिकित्सा पदाधिकारियों ने भी अपनी बातें रखी. साथ ही अस्पताल में संसाधनों की कमी के बारे में भी जानकारी निदेशक प्रमुख को दी. मूर्च्छक की पदस्थापना नहीं रहने के बारे में उन्हें जानकारी दी गयी.
समस्याओं के निदान की दिशा में उठाये जायेंगे कदम
निदेशक प्रमुख डॉ केपी सिन्हा ने अस्पताल में संसाधनों की कमी को दूर करने की दिशा में ठोस कदम उठाने की बातें कहीं. श्री सिन्हा ने कहा कि जो भी संसाधन केी जरूरत है उसे पूरा करने की कोशिश होगी. मरीजों को सिजेरियन की सुविधा प्राप्त हो इसके लिए यहां मूर्च्छक की पदस्थापना करने की दिशा में कदम उठाया जायेगा. ताकि इसकी सुविधा रोगियों को सहज रूप से मिल सके. निदेशक प्रमुख डॉ सिन्हा ने आश्वासन दिया है कि जो संसाधन,उपकरण आदि की जरूरत है उसे पूरा किया जाएगा.
कल्याण बिगहा अस्पताल में 24 घंटे इलाज की है सुविधा
कल्याण बिगहा अस्पताल में 24 घंटे इलाज की सुविधा उपलब्ध है. मरीजों को हर दिन चौबीसों घंटे चिकित्सा सेवा प्रदान की जा रही है.महिला रोगियों को इलाज के लिए यहां पर लेडीज चिकित्सा पदाधिकारी भी पदस्थापित हैं.इसके अलावा पुरुष चिकित्सा पदाधिकारी कार्यरत हैं. जो रोस्टर के अनुसार ड्यूटी करने में लगे हैं. निरीक्षण के दौरान डीपीएम डॉ.ज्ञानेन्द्र शेखर,हरनौत प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र के प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी अरविन्द सिंह व अस्पताल के चिकित्सा पदाधिकारी आदि शामिल थे.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >