बिहारशरीफ : कालाधन एवं भ्रष्टाचार पर अंकुश लगाने के लिए देश में कैशलेस व्यवस्था को आगे बढ़ाना अत्यंत आवश्यक है. उक्त बातें मंगलवार को रास बिहारी इंटर स्कूल, नालंदा में एनसीसी द्वारा आयोजित जागरूकता अभियान को संबोधित करते हुए प्रभारी प्राचार्य पीएन गिरि ने कहीं.
उन्होंने कहा कि कालाधन एवं भ्रष्टाचार देश को खोखला बना रहा है. इस पर अंकुश लगाया जाना अत्यंत आवश्यक है. केंद्र सरकार की कैशलेस व्यवस्था से भविष्य में आमलोगों को ही फायदा होगा.
एनसीसी 38 बिहार बटालियन के प्रभारी एएसएम कुमार नीलू ने कहा कि कैशलेस व्यवस्था से जहां आमलोगों को राहत मिलेगी, वहीं टैक्स के दायरे से दूसरी जगह जाने के जोखिम से भी लोग निजात पायेंगे. स्कूल में उपस्थित छात्र-अभिभावकों को कैशलेस योजना की जानकारी देकर इसे आगे बढ़ाने के लिए प्रेरित किया गया. प्रभारी एएसएम श्री नीलू ने बताया कि 12 जनवरी को एनसीसी कैडेटों द्वारा जिला मुख्यालय में भी जागरूकता अभियान चलाया जायेगा.
इस मौके पर विद्यालय के एनसीसी अधिकारी लेफ्टिनेंट राकेश रंजन पांडेय ने कैशलेस व्यवस्था पर लोगों को विस्तार से जानकारी दी. कार्यक्रम में शिक्षक प्रमोदनंद झा, गोपाल कुमार, अनिरुद्ध प्रसाद, रंजन कुमार, ब्रजभूषण रमण सहित बड़ी संख्या में एनसीसी कैडेट, छात्र व अभिभावक मौजूद थे.
रास बिहारी इंटर स्कूल, नालंदा में छात्र-अभिभावक ने सीखे कैशलेस लेन-देन
