मौसम: घने काले बादल के साथ मौसम हुआ सुहाना, 48 घंटे और बारिश के आसार

मौसम: घने काले बादल के साथ मौसम हुआ सुहाना, 48 घंटे और बारिश के आसार

वरीय संवाददाता, मुजफ्फरपुर दिन-भर 36 डिग्री पारा झेलने के बाद मंगलवार को शाम के समय मौसम सुहाना हो गया. आसमान में काले बादल घिरने के साथ तेज हवा व हल्की बारिश से लोगों को बड़ी राहत मिली. एनएच से लेकर बाजार तक शाम के पांच बजे ही विजिबिलिटी कम होने से गाड़ियों की लाइट जल गयी. दूसरी ओर मौसम विभाग की ओर से अगले 12 मई तक का पूर्वानुमान जारी किया गया है. इसके तहत आसमान में हल्के बादल के साथ अगले 48 घंटे तक वर्षा की संभावना जतायी गयी है. इस अवधि में उत्तर बिहार के अधिकांश जगहों पर वर्षा होगी. उसके बाद मौसम सूखा रहने का अनुमान है. मौसम विभाग के तहत अगले पांच दिनों में 32 से 35 डिग्री तक अधिकतम तापमान रहेगा. ऐसे में धूप की धमक से थोड़ी राहत रहेगी. हालांकि इस दौरान 18 से 20 किमी. प्रति घंटे की रफ्तार से पूरवा हवा चलेगी. रिकॉर्ड के तहत अधिकतम तापमान 36.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. न्यूनतम तापमान 22.1 डिग्री है. बारिश की संभावना को देखते हुए मौसम विभाग की ओर से किसानों को भी अलर्ट किया गया है. इस दौरान रबी मक्का की कटनी और दौनी नहीं करने के साथ खड़ी फसलों में सिंचाई स्थगित रखने की सलाह दी गयी है. बारिश से लीची के रंग के साथ मिठास भी बढ़ेगी मौसम के करवट बदलने से लीची किसान काफी खुश है. किसानों के अनुसार मौसमी बदलाव के साथ- साथ लीची अब मीठी और रसीली होगी. इससे आम के फल को भी फायदा होगा. बादल और हल्की बारिश का बेहतर असर लीची के फसल पर होना तय है. बीते सप्ताह तक चिलचिलाती धूप और गरमी से झुलस रही लीची को अब ऑक्सीजन मिला है. मुजफ्फरपुर के लीची किसानों के अनुसार उमस भरी गर्मी से पेड़ में लगे लीची के फल खराब हो रहे थे. तापमान में गिरावट की वजह से लाल रंग ले रही लीची के फल के खराब होने के खतरा अब टलने की संभावना है. हाल में सिंचाई करने के बाद भी 24 घंटे में ही नमी समाप्त हो जा रही थी. इस वजह से लीची का फल पूरी तरह से पाक नहीं पा रहा था. वहीं तापमान अधिक होने की वजह से लीची के फल में गुदा कम होने का भी संकट था.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar News Desk

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >