सीएम की समृद्धि यात्रा को तैयारी तेज, अब्दुलनगर में आज विशेष शिविर

सीएम की समृद्धि यात्रा को तैयारी तेज, अब्दुलनगर में आज विशेष शिविर

:: ऑन द स्पॉट होगा शिकायतों का निपटारा

मुख्य संवाददाता, मुजफ्फरपुर

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की समृद्धि यात्रा को लेकर जिले में प्रशासनिक गतिविधियां तेज हो गयी है. 23 जनवरी को सीएम का जिले में आगमन निर्धारित है. इस महत्वपूर्ण दौरे की पूर्व तैयारी के मद्देनजर मुशहरी प्रखंड के अब्दुलनगर उर्फ माधोपुर में सोमवार को एक विशेष शिविर का आयोजन किया जाएगा. यह शिविर उसी मैदान में लगेगा जिसे मुख्यमंत्री के हेलीपैड के लिए चिह्नित किया गया है. जिलाधिकारी सुब्रत कुमार सेन ने इस संबंध में स्पष्ट आदेश जारी किए हैं. सोमवार को सुबह 10 बजे से शाम 4 बजे तक चलने वाले इस शिविर का मुख्य उद्देश्य स्थानीय ग्रामीणों की समस्याओं का ऑन द स्पॉट समाधान करना है. डीएम ने सभी संबंधित विभागों के पदाधिकारियों को निर्देश दिया है कि वे अपनी उपस्थिति सुनिश्चित करें और प्राप्त आवेदनों पर त्वरित कार्रवाई करें.

15 से अधिक विभागों के लगेंगे स्टॉल

शिविर में सरकार की जन कल्याणकारी योजनाओं से जुड़े लगभग 15 से अधिक विभाग हिस्सा लेंगे. इसमें मुख्य रूप से ग्रामीण विकास एवं ग्रामीण कार्य विभाग, राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग, स्वास्थ्य एवं समाज कल्याण विभाग,पंचायती राज एवं विद्युत विभाग,शिक्षा, कृषि एवं उद्योग विभाग,खाद्य आपूर्ति एवं लोक स्वास्थ्य अभियंत्रण विभाग शामिल है.

शाम तक सौंपनी होगी कार्रवाई रिपोर्ट

प्रशासन ने पारदर्शिता के लिए रिपोर्टिंग की सख्त व्यवस्था की है. शिविर समाप्ति के तुरंत बाद सभी विभागों के पदाधिकारियों को प्राप्त आवेदनों की संख्या और उन पर की गई कार्रवाई की विस्तृत रिपोर्ट तैयार कर जिला मुख्यालय को सौंपनी होगी. अपर समाहर्ता (आपदा प्रबंधन) को इस पूरे आयोजन के लिए नोडल पदाधिकारी नामित किया गया है, जो पूरी प्रक्रिया की मॉनिटरिंग करेंगे.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Prabhat kumar

प्रभात कुमार, पत्रकारिता के क्षेत्र में प्रभात का 18 वर्षों का अनुभव है. प्रशासनिक नीतियों के विश्लेषण, राजनीतिक घटनाक्रमों की सटीक रिपोर्टिंग और खोजी पत्रकारिता में इनकी रुचि है. जटिल विषयों को सरल और प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत करने की इनमें क्षमता है.

और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >