एनआई कार्य से थमी ट्रेनों की रफ्तार, मुजफ्फरपुर पहुंचीं डेढ़ दर्जन ट्रेनें घंटों लेट

पूर्वोत्तर रेलवे के विभिन्न रेलखंडों में चल रहे नॉन-इंटरलॉकिंग कार्य का असर ट्रेनों के परिचालन पर पड़ा है. शनिवार को मुजफ्फरपुर जंक्शन पहुंचने वाली डेढ़ दर्जन से अधिक ट्रेनें एक घंटे से लेकर करीब 10 घंटे तक की देरी से चलीं. इससे यात्रियों को लंबे इंतजार और उमस भरी गर्मी का सामना करना पड़ा. पढ़ें पूरी खबर…

मुजफ्फरपुर से देवेश कुमार की रिपोर्ट

Muzaffarpur News: पूर्वोत्तर रेलवे के विभिन्न रेलखंडों में चल रहे नॉन-इंटरलॉकिंग (एनआई) कार्य का असर ट्रेनों के परिचालन पर स्पष्ट रूप से दिखाई देने लगा है. शनिवार को मुजफ्फरपुर जंक्शन पहुंचने वाली डेढ़ दर्जन से अधिक मेल, एक्सप्रेस और सुपरफास्ट ट्रेनें एक घंटे से लेकर लगभग 10 घंटे तक की देरी से चलीं. इसके कारण यात्रियों को उमस भरी गर्मी में लंबा इंतजार करना पड़ा.

रेलवे अधिकारियों के अनुसार समस्तीपुर मंडल क्षेत्र में ट्रेनों का परिचालन सामान्य रहा, लेकिन अन्य मंडलों से आने वाली ट्रेनें पहले से विलंबित होकर पहुंचीं. इसका असर आगे के रेल परिचालन पर भी पड़ा.

आनंद विहार स्पेशल और अवध असम एक्सप्रेस सबसे अधिक प्रभावित

शनिवार को सबसे अधिक विलंब से चलने वाली ट्रेनों में 04028 आनंद विहार-मुजफ्फरपुर स्पेशल ट्रेन शामिल रही, जो निर्धारित समय से 9 घंटे 47 मिनट देरी से मुजफ्फरपुर पहुंची.

वहीं 04027 मुजफ्फरपुर-आनंद विहार स्पेशल ट्रेन अपने निर्धारित समय से 9 घंटे 30 मिनट देर से रवाना हुई. 15910 लालगढ़-डिब्रूगढ़ अवध असम एक्सप्रेस 8 घंटे 42 मिनट की देरी से पहुंची. नई दिल्ली-डिब्रूगढ़ राजधानी एक्सप्रेस भी 1 घंटा 10 मिनट विलंब से मुजफ्फरपुर पहुंची.

कई प्रमुख ट्रेनें भी रहीं लेट

एनआई कार्य के कारण कई अन्य महत्वपूर्ण ट्रेनें भी प्रभावित रहीं. इनमें 15204 लखनऊ-बरौनी एक्सप्रेस 1 घंटा 27 मिनट, 15232 गोंदिया-बरौनी एक्सप्रेस 1 घंटा 19 मिनट, 12566 बिहार संपर्क क्रांति सुपरफास्ट एक्सप्रेस 2 घंटे 38 मिनट और 11123 ग्वालियर-बरौनी एक्सप्रेस 1 घंटा 34 मिनट देरी से पहुंची.

इसके अलावा 12408 कर्मभूमि एक्सप्रेस 2 घंटे 3 मिनट, 15566 वैशाली एक्सप्रेस, 12558 सप्तक्रांति सुपरफास्ट एक्सप्रेस, 15706 दिल्ली-कटिहार हमसफर एक्सप्रेस, 13022 रक्सौल-हावड़ा मिथिला एक्सप्रेस, 13021 हावड़ा-रक्सौल मिथिला एक्सप्रेस, 18181 टाटा-थावे एक्सप्रेस, 15725 न्यू जलपाईगुड़ी-आनंद विहार एक्सप्रेस तथा 15059 कोलकाता-लखनऊ स्पेशल ट्रेन भी एक से चार घंटे तक विलंबित रहीं.

प्लेटफॉर्म और प्रतीक्षालयों में बढ़ी भीड़

ट्रेनों के लंबे विलंब के कारण मुजफ्फरपुर जंक्शन के प्लेटफॉर्म और प्रतीक्षालयों में यात्रियों की भीड़ बढ़ी रही. कई यात्रियों को गर्मी और उमस के बीच घंटों ट्रेन का इंतजार करना पड़ा.

वहीं 05511 दरभंगा-अमृतसर स्पेशल ट्रेन शनिवार को रद्द रही, जिससे यात्रियों को अतिरिक्त परेशानी का सामना करना पड़ा.

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Sarfaraz Ahmad

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >