मुजफ्फरपुर के मड़वन से संतोष कुमार की रिपोर्ट
Muzaffarpur News: जवाहर नवोदय विद्यालय (जेएनवी), खरौनाडीह के कक्षा 12 विज्ञान संकाय के प्रतिभाशाली छात्र मोहम्मद ऐहतेशाम रिजवी ने इतिहास रच दिया है. उनका चयन प्रतिष्ठित अंतरराष्ट्रीय पृथ्वी विज्ञान ओलंपियाड (IESO) के लिए हुआ है. आगामी अगस्त माह में इटली में आयोजित होने वाली इस अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता में वे भारत का प्रतिनिधित्व करेंगे. यह ऐतिहासिक उपलब्धि न केवल नवोदय विद्यालय बल्कि पूरे मुजफ्फरपुर जिले और बिहार राज्य के लिए बड़े गर्व का विषय है.
‘माइनिंग फॉर अ ग्रीनर फ्यूचर’ थीम पर होगी प्रतियोगिता
इस वर्ष ओलंपियाड का मुख्य विषय ‘Mining for a Greener Future’ (हरित भविष्य के लिए खनन) रखा गया है. इसका मुख्य उद्देश्य पृथ्वी विज्ञान के माध्यम से पर्यावरण-अनुकूल एवं सतत विकास के समाधान तलाशना है. अंतरराष्ट्रीय मंच पर देश का प्रतिनिधित्व करने वाली भारतीय टीम में देश भर से गिने-चुने छात्रों को मौका मिला है, जिसमें पश्चिम बंगाल से दो और बिहार से दो छात्र शामिल हैं. ऐहतेशाम रिजवी इटली के प्रतिष्ठित ट्यूरिन विश्वविद्यालय में आयोजित विभिन्न शैक्षणिक एवं प्रतिस्पर्धात्मक गतिविधियों में अपनी वैज्ञानिक सोच का प्रदर्शन करेंगे.
देश के शीर्ष वैज्ञानिक देंगे विशेष प्रशिक्षण
अंतरराष्ट्रीय स्तर की इस प्रतियोगिता में शामिल होने से पहले चयनित प्रतिभागी देश के प्रमुख वैज्ञानिकों एवं विशेषज्ञों के मार्गदर्शन में एक विशेष प्रशिक्षण शिविर में भाग लेंगे. विद्यालय के प्राचार्य पंकज कुमार ने इस बड़ी उपलब्धि पर अपार प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि मोहम्मद ऐहतेशाम रिजवी विद्यालय के अत्यंत मेधावी, अनुशासित और समर्पित छात्र हैं. हमें पूरा विश्वास है कि वे अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन कर देश और बिहार का नाम रोशन करेंगे. उनकी इस सफलता से क्षेत्र के अन्य छात्रों को भी आगे बढ़ने की प्रेरणा मिलेगी.
