बिना सिलेंडर दिए बुकिंग हो रही कैंसिल, मुशहरी के बांकुल टोले में ग्रामीणों का प्रदर्शन

मुशहरी प्रखंड की छपरा मेघ पंचायत के बांकुल टोले में गैस उपभोक्ताओं का गुस्सा फूटा. बुकिंग के बाद डिलीवरी मैसेज भेजकर सिलेंडर न देने और अतिरिक्त वसूली का आरोप है. ग्रामीणों ने एजेंसी को सुधरने की चेतावनी दी है.

mushahari gas protest: प्रखंड की छपरा मेघ पंचायत के बांकुल टोले में शनिवार को गैस उपभोक्ताओं का गुस्सा फूट पड़ा. आक्रोशित ग्रामीणों ने गांव में पहुंची एक गैस एजेंसी की डिलीवरी वैन को रोककर जोरदार हंगामा किया. उपभोक्ताओं का आरोप है कि गैस सिलेंडर की बुकिंग के बाद कंपनी की ओर से मोबाइल पर डिलीवरी का मैसेज और ओटीपी भेज दिया जाता है. लेकिन बाद में बिना सिलेंडर दिए ही डिलीवरी को सिस्टम से कैंसिल कर दिया जाता है. इस खेल से उपभोक्ताओं को बार-बार भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है.

बिना गैस दिए मैसेज कैंसिल, प्रति सिलेंडर 20 से 30 रुपये अतिरिक्त वसूली

ग्रामीणों ने विरोध प्रदर्शन करते हुए अपने मोबाइल पर आए डिलीवरी और कैंसिलेशन के संदेश भी दिखाए. कई उपभोक्ताओं ने गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि गैस वितरण के दौरान वैन चालकों द्वारा प्रति सिलेंडर 20 से 30 रुपये की अतिरिक्त अवैध वसूली की जाती है. समय पर रसोई गैस नहीं मिलने के कारण घरों में चूल्हा जलना मुश्किल हो गया है. मौके पर मौजूद एजेंसी के फील्ड वितरक मनोज कुमार ने सफाई देते हुए कहा कि तकनीकी खराबी के कारण कई उपभोक्ताओं के मोबाइल पर नया ओटीपी प्राप्त नहीं हो पा रहा था, जिसके चलते सिलेंडर का वितरण नहीं किया जा सका.

सुधार नहीं होने पर सामूहिक रूप से कनेक्शन बदलने की चेतावनी

सामाजिक कार्यकर्ता रकीबुल हसन, मंजूर अली और शहाबजान अंसारी सहित अन्य ग्रामीणों ने बताया कि ऐसी शिकायतें पहले भी कई बार आ चुकी हैं. बांकुल टोला में गैस एजेंसी के लगभग 70 उपभोक्ता हैं. ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि यदि एजेंसी ने अपनी कार्यशैली और घटिया सेवा में जल्द सुधार नहीं किया, तो सभी उपभोक्ता सामूहिक रूप से अपना गैस कनेक्शन किसी दूसरी कंपनी में ट्रांसफर करा लेंगे. ग्रामीणों ने जिला प्रशासन, संबंधित तेल कंपनी और वरीय अधिकारियों से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर पारदर्शी सेवा सुनिश्चित कराने तथा दोषियों पर सख्त कार्रवाई करने की मांग की है.


प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >