ATM Fraud Muzaffarpur: मुजफ्फरपुर मोतीपुर बाजार के गांधी चौक के समीप बरूराज रोड स्थित एक्सिस बैंक की एटीएम से कार्ड बदलकर ₹13,500 की अवैध निकासी का मामला सामने आया है. इस संबंध में बरूराज थाना क्षेत्र के विशुनपुर होरिल गांव निवासी पीड़ित राजेश कुमार चौधरी ने अज्ञात बदमाश के खिलाफ मोतीपुर थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई है.
बैलेंस चेक करने के बहाने बदला एटीएम कार्ड
पीड़ित राजेश कुमार चौधरी ने पुलिस को दिए आवेदन में बताया कि उन्होंने अपनी मोबाइल एवं इलेक्ट्रॉनिक दुकान के स्टाफ संजय कुमार (निवासी जसौली, कथैया) को रुपये निकालने के लिए अपना एटीएम कार्ड देकर भेजा था. संजय जब बरूराज रोड स्थित एक्सिस बैंक के एटीएम में पहुंचा, तो वहां पहले से एक अज्ञात युवक मौजूद था. उस युवक ने बैलेंस चेक करने में मदद करने के बहाने चालाकी से कहा कि खाते में रुपये नहीं हैं और इसी दौरान उसने असली एटीएम कार्ड को नकली कार्ड से बदल दिया.
- दो अलग-अलग एटीएम से निकाले रुपये, मोबाइल पर मैसेज आने से हुआ खुलासा
- कार्ड बदलने के बाद शातिर फ्रॉड ने पीड़ित के खाते से दो बार में कुल ₹13,500 उड़ा लिए:
- पहली निकासी: मोतीपुर बस स्टैंड के पास स्थित एटीएम से ₹5,000 निकाले गए.
- दूसरी निकासी: नरियार पानापुर स्थित राज फ्यूल पेट्रोल पंप के एटीएम से ₹8,500 की निकासी की गई.
इस धोखाधड़ी का खुलासा तब हुआ जब पीड़ित राजेश कुमार के मोबाइल पर पैसे कटने का मैसेज आया. जब उन्होंने बैंक जाकर जांच की, तो पता चला कि उनका एटीएम कार्ड बदला जा चुका है.
सीसीटीवी में कैद हुआ आरोपी, पुलिस जांच में जुटी
राहत की बात यह है कि जालसाज की यह पूरी करतूत एटीएम में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है. मोतीपुर के थानाध्यक्ष संजीव कुमार सिंह ने बताया कि पीड़ित से मिले आवेदन के आधार पर पुलिस मामले की गहन छानबीन कर रही है. सीसीटीवी फुटेज की मदद से आरोपी की पहचान की जा रही है और जल्द ही इस पूरे मामले का खुलासा कर लिया जाएगा.
