बोचहां विकास शिविर: जिले के बोचहां में संत शिरोमणि रविदास जयंती पर आयोजित विकास शिविर उस वक्त हंगामेदार हो गया, जब मंच से सरकारी दावों की हवा निकल गई. मैदापुर पंचायत के शुक्रहाट स्थित पंचायत सरकार भवन में जब डीएम कुमार गौरव 22 कल्याणकारी योजनाओं के कसीदे पढ़ रहे थे, तभी परेशान ग्रामीणों का सब्र टूट गया. ग्रामीणों ने मंच के सामने ही खरी-खरी सुनाते हुए कहा कि 'साहब! कागजों पर तो सब ठीक है, पर धरातल पर काम ही नहीं होता.' इस अप्रत्याशित विरोध के बीच डीएम ने माहौल संभालते हुए जीविका दीदियों को ₹2 करोड़ का चेक और बासगीत पर्चा सौंपा.
राजस्व अधिकारी की मनमानी पर फूटा जनता का गुस्सा, डीएम ने बैठाई जांच
शिविर में जुटी भीड़ ने राजस्व विभाग के भ्रष्टाचार और स्थानीय राजस्व अधिकारी की मनमानी के खिलाफ सीधे डीएम के सामने शिकायतों की झड़ी लगा दी. जनता का आक्रोश देख डीएम ने फौरन जिला स्तरीय जांच कमेटी गठित करने का फरमान जारी किया.
- जनता की खरी-खरी: ग्रामीणों ने जमीन संबंधी दाखिल-खारिज और परिमार्जन में हो रही धांधली को लेकर सीधे डीएम से गुहार लगाई.
- कल्याणकारी लाभ वितरण: हंगामे के बीच 5 सुयोग्य लाभुकों को बासगीत पर्चा, दर्जनों को आयुष्मान कार्ड और जीविका दीदियों को ₹2 करोड़ का चेक दिया गया.
- 15 फरवरी तक महाअभियान: बीडीओ जूही ने स्पष्ट किया कि 15 फरवरी तक दलित-महादलित बस्तियों में शिविर लगाकर उज्ज्वला व जनधन जैसी 22 योजनाओं से वंचितों को जोड़ा जाएगा.
अफसरशाही की लापरवाही बर्दाश्त नहीं, जांच रिपोर्ट पर नपेंगे दोषी
डीएम ने कड़े तेवर दिखाते हुए ग्रामीणों को आश्वस्त किया कि शिकायतों की निष्पक्ष जांच होगी और दोषी पाए जाने पर अफसरों पर सीधी गाज गिरेगी. उद्घाटन समारोह में विधायक बेबी कुमारी, डीएसओ संजीव कुमार, 20 सूत्री उपाध्यक्ष राम एकबाल सिंह, सीओ नूपुर सहित कई स्थानीय प्रतिनिधि और भारी संख्या में ग्रामीण मौजूद थे.
ये भी पढ़ें: इंटर छात्रा अपहरण व दुष्कर्म प्रयास मामले में कोर्ट का फैसला, प्राइवेट शिक्षक समेत दो दोषियों को सजा
