: एसएसपी ने जिले के सभी थानेदारों को भेजा पत्र : सीबीआइ को नहीं मिल रहा खुशी का कोई सुराग संवाददाता, मुजफ्फरपुर खुशी के अपहरण के बाद से जिले में उसके चेहरे से मिलता- जुलता कोई डेड बॉडी तो नहीं मिला या फिर, मिसिंग कंप्लेन किसी थाने में दर्ज तो नहीं हुआ इसकी जानकारी जिले के थानेदारों से मांगी गयी है. खुशी का ब्रह्मपुरा थाना क्षेत्र के पमरिया टोला स्थित पूजा पंडाल के पास से 16 फरवरी, 2021 को अपहरण हुआ था. एसएसपी सुशील कुमार ने जिले के सभी थानेदार को पत्र भेजकर इस संबंध में जानकारी मांगी है. अगर खुशी के चेहरे से मिलता- जुलता कोई डेड बॉडी या फिर कोई बच्ची का मिसिंग का कंप्लेन दर्ज हुआ हो तो उसकी स्टेशन डायरी से जानकारी लेकर रिपोर्ट भेजने को कहा गया है. एसएसपी कार्यालय से यह रिपोर्ट सीबीआइ व पुलिस मुख्यालय को भेजी जाएगी. जानकारी हो कि खुशी अपहरण कांड की जांच सीबीआइ कर रही है. सीबीआइ लगातार शहर में कैंप करके खुशी के अपहरण से जुड़ी साक्ष्य इकट्ठा कर रही है. केस के आइओ लगातार खुशी के पिता राजन साह के संपर्क में हैं. उन्होंने जिन संदिग्धों के नाम सीबीआइ को बताएं हैं, सीबीआइ उनको नोटिस देकर पटना बुलाकर पूछताछ भी कर रही है. इसके अलावा अपहरण कांड में जेल से जमानत निकले अमन के मुंबई से फरार होने के बाद सीबीआइ उसके बेल बांड को कैंसिल करने की कार्रवाई में भी जुटी है. हालांकि, सीबीआइ की टीम कार्रवाई को लेकर कुछ भी आधिकारिक रूप से बताने से इनकार कर रही है.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
