मुजफ्फरपुर: ब्रह्मपुरा थाना क्षेत्र के लक्ष्मी चौक के पास भाजपा नेता मनोज कुमार चौधरी और उनके पुत्र पर जानलेवा हमले के मामले में पुलिस ने एक आरोपित को गिरफ्तार किया है. गिरफ्तार आरोपित की पहचान ब्रह्मपुरा निवासी रोहित कुमार सहनी के रूप में हुई है. पुलिस के अनुसार, आरोपित की निशानदेही पर घटना में इस्तेमाल की गयी दबिया भी बरामद की गयी है.
बाइक खड़ी करने को लेकर हुआ था विवाद
ब्रह्मपुरा थानाध्यक्ष विपिन रंजन ने बताया कि 28 अगस्त को बाइक खड़ी करने को लेकर विवाद हुआ था. विवाद बढ़ने के बाद कुछ लोगों ने भाजपा नेता मनोज कुमार चौधरी और उनके पुत्र के साथ मारपीट की.
आरोप है कि इसी दौरान एक व्यक्ति ने बगल की दुकान से दबिया उठाकर मनोज कुमार चौधरी पर हमला कर दिया. हमले में वह गंभीर रूप से घायल हो गये. उन्हें इलाज के लिए सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनकी स्थिति गंभीर होने के कारण आईसीयू में इलाज चल रहा है.
दो नामजद समेत चार-पांच अज्ञात पर मामला
घटना के संबंध में ब्रह्मपुरा थाने में मनोज कुमार चौधरी की ओर से आवेदन दिया गया था. इसमें दो लोगों को नामजद करने के साथ चार-पांच अज्ञात लोगों को भी आरोपित बनाया गया था.
पुलिस ने इसी मामले में कार्रवाई करते हुए रोहित कुमार सहनी को गिरफ्तार किया. पूछताछ के बाद उसकी निशानदेही पर घटना में इस्तेमाल दबिया बरामद की गयी.
अन्य आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी
थानाध्यक्ष ने बताया कि मामले में फरार अन्य आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है. पुलिस घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है.
यह भी पढ़ें
मुजफ्फरपुर: अहियापुर जमीन विवाद में अब तक 28 प्राथमिकी, जेसीबी मालिक गिरफ्तार
