मुजफ्फरपुर से चंदन सिंह की रिपोर्ट
Muzaffarpur Crime News: मुजफ्फरपुर जिले के राजेपुर थाना क्षेत्र के बुलबुलवा गांव में शुक्रवार-शनिवार की रात चोरों ने एक किसान के घर बड़ी चोरी की वारदात को अंजाम दिया. बदमाश घर की पीछे की ग्रिल काटकर अंदर घुसे और परिवार के लोगों को कमरे में बाहर से बंद कर अलमारी का लॉकर तोड़ दिया. चोर 200 ग्राम सोना, 500 ग्राम चांदी, नकदी समेत 40 लाख रुपये से अधिक की संपत्ति लेकर फरार हो गए.
यह भी पढ़ें: बिहार पोस्ट मैट्रिक छात्रवृत्ति के लिए 15 जुलाई से आवेदन, जानें जरूरी दस्तावेज और पूरी प्रक्रिया
पहले परिवार को कमरे में किया बंद, फिर आराम से की चोरी
घटना वार्ड संख्या-1 स्थित बुलबुलवा गांव की है. जानकारी के अनुसार किसान शिव बाबू चौधरी का पूरा परिवार रात में अपने-अपने कमरों में सो रहा था.
इसी दौरान बदमाश घर के पीछे पहुंचे और लोहे की ग्रिल काटकर अंदर प्रवेश कर गए. किसी को भनक न लगे, इसके लिए चोरों ने सबसे पहले उस कमरे का दरवाजा बाहर से बंद कर दिया, जिसमें गृहस्वामी सो रहे थे.
अलमारी का लॉकर तोड़कर समेट ले गए गहने
परिवार को कमरे में बंद करने के बाद बदमाश दूसरे कमरे में रखी गोदरेज अलमारी तक पहुंचे. कटर और अन्य औजारों की मदद से अलमारी का ताला और लॉकर तोड़ दिया.
पीड़ित परिवार के अनुसार चोर लगभग 200 ग्राम सोने के आभूषण, 500 ग्राम चांदी के जेवर, 50 हजार रुपये नकद और अन्य कीमती सामान लेकर फरार हो गए. चोरी गई संपत्ति का अनुमानित मूल्य 40 लाख रुपये से अधिक बताया गया है.
यह भी पढ़ें: हज पर जाना है तो जल्द करें आवेदन, 20 जुलाई आखिरी तारीख, जानें जरूरी दस्तावेज और नियम
सुबह खुला चोरी का राज
शनिवार सुबह जब परिवार की नींद खुली तो उन्होंने खुद को कमरे में बंद पाया. खिड़की से बाहर देखने पर घर की ग्रिल टूटी हुई दिखाई दी और अलमारी का सामान बिखरा पड़ा था.
शोर मचाने पर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और कमरे का दरवाजा खोला. इसके बाद घटना की जानकारी पुलिस को दी गई.
वर्षों की जमा पूंजी चली गई
गृहस्वामी के पुत्र मृत्युंजय कुमार ने बताया कि चोरी हुए सभी आभूषण उनकी मां और पत्नी के थे. उन्होंने कहा कि वर्षों की मेहनत और बचत से परिवार ने ये गहने बनवाए थे. घटना के बाद पूरा परिवार सदमे में है.
पुलिस ने शुरू की जांच
घटना की सूचना मिलते ही राजेपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया. पुलिस ने परिवार के सदस्यों से पूछताछ कर आसपास के इलाकों में छानबीन शुरू कर दी है.
पुलिस का कहना है कि लिखित शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच की जा रही है. तकनीकी और अन्य साक्ष्यों के आधार पर चोरों की पहचान कर जल्द गिरफ्तारी का प्रयास किया जा रहा है.
यह भी पढ़ें: मैरिज ऐप पर हुई दोस्ती ने बर्बाद कर दी जिंदगी, प्यार, गेमिंग और निवेश के जाल में युवक से 40 लाख की साइबर ठगी
