तारापुर के प्रतिभावान युवा बैडमिंटन खिलाड़ी मो असदुल्लाह ने खेल के मैदान में शानदार प्रदर्शन करते हुए बड़ी उपलब्धि हासिल की है. बेगूसराय में 14 से 18 सितंबर तक आयोजित बिहार स्टेट अंडर-17 एवं अंडर-19 बैडमिंटन चैंपियनशिप में बेहतर प्रदर्शन के आधार पर उनका चयन दोनों आयु वर्गों की राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं के लिए हुआ है.
अंडर-17 सिंगल्स में जीता सिल्वर मेडल
राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में असदुल्लाह ने अंडर-17 सिंगल्स में शानदार प्रदर्शन करते हुए रनर-अप का स्थान हासिल किया और सिल्वर मेडल जीता. इसके बाद अंडर-19 डबल्स में भी उन्होंने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया.
अंडर-19 डबल्स में जोड़ी ने जीता गोल्ड
अंडर-19 डबल्स में असदुल्लाह ने मधुबनी के कुंदन कुमार सिंह के साथ जोड़ी बनाकर खेला. दोनों खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए गोल्ड मेडल अपने नाम किया. एक ही राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में दो अलग आयु वर्गों में पदक जीतने के बाद असदुल्लाह ने बिहार टीम में अपनी जगह पक्की कर ली.
गंगटोक और बेंगलुरु में करेंगे बिहार का प्रतिनिधित्व
अब असदुल्लाह दो राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में बिहार का प्रतिनिधित्व करेंगे. वह 14 से 21 नवंबर तक गंगटोक, सिक्किम में आयोजित अंडर-19 राष्ट्रीय प्रतियोगिता में हिस्सा लेंगे. इसके बाद 30 नवंबर से 5 दिसंबर तक बेंगलुरु में होने वाली अंडर-17 राष्ट्रीय प्रतियोगिता में भी बिहार की ओर से खेलेंगे.
परिवार और खेल प्रेमियों ने जतायी खुशी
असदुल्लाह के परिवार ने उनकी सफलता का श्रेय पारामाउंट लोक कल्याण समिति के पूर्व अध्यक्ष वेदानंद झा को दिया है. उनकी उपलब्धि पर पिता मो शाहिद, मां रफत खातुन, दादा हाजी अब्बाश, चाचा मो आसिफ, मो मोजाहिद और मो वासिफ ने खुशी जतायी.
वहीं खेल प्रेमी प्रवीण प्रणव भारती, अमित चन्द्रा, निर्मल सिंह, मनोज मिश्रा, पारामाउंट के निदेशक महेश सिंह, हरे कृष्ण वर्मा, अरशद खान समेत अन्य लोगों ने असदुल्लाह को बधाई देते हुए राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं के लिए शुभकामनाएं दीं.
