प्रायोगिक परीक्षा में पैसे वसूली के आरोप का वीडियो वायरल, एमयू प्रशासन ने कहा- शिकायत मिली तो होगी जांच

Munger University News : जमुई के गंगा देवी मेमोरियल कॉलेज का एक वीडियो वायरल हो रहा है, जिसमें छात्रों ने प्रायोगिक परीक्षा के नाम पर पैसे मांगने और विरोध करने पर मारपीट का आरोप लगाया है. छात्र संगठनों ने निष्पक्ष जांच की मांग की है.

Munger University News : मुंगेर विश्वविद्यालय (एमयू) से संबद्ध गंगा देवी मेमोरियल कॉलेज, सुदामपुर (जमुई) का बताया जा रहा एक वीडियो सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बना हुआ है. हालांकि वायरल वीडियो की पुष्टि प्रभात खबर नहीं करता है. वीडियो में छात्र-छात्राएं प्रायोगिक परीक्षा के नाम पर पैसे लिए जाने का आरोप लगाते हुए कॉलेज गेट पर विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं. वहीं विश्वविद्यालय प्रशासन का कहना है कि अब तक इस मामले में कोई औपचारिक शिकायत नहीं मिली है.

सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा वीडियो

वायरल वीडियो को मुंगेर विश्वविद्यालय से संबद्ध गंगा देवी मेमोरियल कॉलेज, सुदामपुर (जमुई) का बताया जा रहा है. इसमें स्नातक सेमेस्टर-3 और सेमेस्टर-5 की प्रायोगिक परीक्षा के दौरान छात्रों द्वारा कॉलेज प्रशासन पर पैसे वसूलने का आरोप लगाया जा रहा है.

विरोध करने पर मारपीट का भी लगाया आरोप

वीडियो में छात्र यह आरोप भी लगा रहे हैं कि जब उन्होंने पैसे लेने का विरोध किया तो कॉलेज प्रशासन की ओर से उनके साथ मारपीट की गई. वीडियो में कॉलेज गेट पर एक व्यक्ति डंडा लिए खड़ा भी दिखाई दे रहा है. हालांकि इन आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है.

छात्र संगठनों ने जांच की उठाई मांग

वीडियो वायरल होने के बाद कई छात्र संगठनों ने मुंगेर विश्वविद्यालय प्रशासन से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने और दोषी पाए जाने पर संबंधित लोगों के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की है. सोशल मीडिया पर भी यह मामला छात्रों के बीच चर्चा का विषय बना हुआ है.

विश्वविद्यालय प्रशासन ने क्या कहा

मुंगेर विश्वविद्यालय के जनसंपर्क पदाधिकारी (पीआरओ) डॉ. सूरज कोनार ने बताया कि उन्हें अभी तक इस मामले की कोई आधिकारिक जानकारी या शिकायत प्राप्त नहीं हुई है. उन्होंने कहा कि यदि मामला सामने आता है और शिकायत मिलती है, तो विश्वविद्यालय प्रशासन इसकी जांच कर आवश्यक कार्रवाई करेगा.


प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

अमित झा प्रिंट माध्यम में 06 वर्षों से और डिजिटल माध्यम में पिछले 3 सालों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. सामाजिक कार्यों, शिक्षा, राजनीति व खेल में रुचि रखते हैं.

और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >