Munger News: मुंगेर. केंद्र प्रायोजित अटल नवीकरण एवं शहरी परिवर्तन मिशन (अमृत 2.0) के तहत बिहार सरकार के नगर विकास एवं आवास विभाग ने मुंगेर जलापूर्ति परियोजना (फेज-1) तथा जमालपुर जलापूर्ति परियोजना के लिए लगभग 279.95 करोड़ रुपये की प्रशासनिक स्वीकृति प्रदान की है. इस योजना के लागू होने से दोनों शहरों में पेयजल व्यवस्था को नयी मजबूती मिलेगी.
मुंगेर परियोजना पर खर्च होंगे 177.72 करोड़ रुपये
जिलाधिकारी निखिल धनराज निप्पाणीकर ने बताया कि मुंगेर जलापूर्ति परियोजना (फेज-1) पर 177.72 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे. योजना के तहत 10,540 नए घरेलू जल कनेक्शन दिए जाएंगे. इसके अलावा 53 एमएलडी क्षमता का नया जल शोधन संयंत्र बनाया जाएगा तथा मौजूदा 14 एमएलडी क्षमता वाले संयंत्र का आधुनिकीकरण किया जाएगा.
नई जलमीनारों और आधुनिक तकनीक से होगी निगरानी
परियोजना के अंतर्गत छह नई जलमीनारों का निर्माण, तीन पुरानी जलमीनारों का जीर्णोद्धार, आधुनिक एससीएडीए (SCADA) प्रणाली की स्थापना तथा लगभग 199 किलोमीटर लंबे जल वितरण नेटवर्क का विस्तार किया जाएगा. इससे जलापूर्ति व्यवस्था अधिक प्रभावी और पारदर्शी बनेगी.
जमालपुर में 102.23 करोड़ रुपये की योजना
जमालपुर जलापूर्ति परियोजना पर 102.23 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे. इस योजना के तहत 7,205 नए घरेलू जल कनेक्शन, चार नई जलमीनारों का निर्माण, क्लियर वाटर रिजर्वायर, पंप हाउस, प्री-सेटलिंग टैंक तथा लगभग 17.5 किलोमीटर जल वितरण नेटवर्क विकसित किया जाएगा.
केंद्रीय मंत्री के प्रयासों का मिला परिणाम
जिलाधिकारी ने बताया कि केंद्रीय मंत्री राजीव रंजन सिंह उर्फ ललन सिंह के सतत प्रयास और योजनाओं की नियमित समीक्षा के परिणामस्वरूप दोनों परियोजनाओं को प्रशासनिक स्वीकृति मिली है. उन्होंने कहा कि इन योजनाओं के पूरा होने से हजारों परिवारों को स्वच्छ और नियमित पेयजल उपलब्ध होगा.
दीर्घकालिक पेयजल व्यवस्था होगी सुनिश्चित
Munger News: जिलाधिकारी ने कहा कि अमृत 2.0 के तहत स्वीकृत ये परियोजनाएं शहरी आधारभूत संरचना को मजबूत करेंगी. आधुनिक जलापूर्ति प्रणाली से रिसाव और जल क्षति में कमी आएगी तथा भविष्य की बढ़ती आबादी की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए दीर्घकालिक और टिकाऊ पेयजल व्यवस्था सुनिश्चित की जायेगी.
