मुंगेर में नाली भरने को लेकर हुआ विवाद मारपीट तक पहुंचा, 15 घायल, 11 रेफर

Munger Drain Dispute Clash: मुंगेर जिले के असरगंज थाना क्षेत्र अंतर्गत मसूदानपुर कमराय गांव में नाली भरने के विवाद ने अचानक हिंसक रूप ले लिया. दो पक्षों के बीच हुई जमकर मारपीट में लाठी-डंडे और कुदाल चले, जिसमें दोनों पक्षों के कुल 15 लोग घायल हो गए. घायलों को इलाज के लिए असरगंज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद 11 गंभीर घायलों को बेहतर इलाज के लिए भागलपुर के मायागंज अस्पताल रेफर कर दिया गया.

मुंगेर से हिमांशु कुमार सिंह की रिपोर्ट

Munger Drain Dispute Clash:मुंगेर में नाली भरने को लेकर शुरू हुआ विवाद देखते ही देखते उग्र हो गया. दोनों पक्षों के लोग आमने-सामने आ गए और जमकर मारपीट होने लगी. घटना के बाद पूरे इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया.

पुलिस पहुंची तो संभली स्थिति

घटना की सूचना मिलते ही असरगंज थाना के पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे और स्थिति को नियंत्रित किया. पुलिस ने दोनों पक्षों से जानकारी जुटाई तथा सभी घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाने की व्यवस्था की. घटना के बाद गांव में तनाव को देखते हुए पुलिस निगरानी बढ़ा दी गई है.

एक पक्ष के छह लोग घायल

घटना में एक पक्ष के 23 वर्षीय पीयूष आनंद, 30 वर्षीय हिमांशु शेखर, 40 वर्षीय रंजीत ठाकुर, 28 वर्षीय दिव्यांशु शेखर, जदयू अति पिछड़ा प्रकोष्ठ के प्रदेश महासचिव विनोद कुमार ठाकुर और 17 वर्षीय आयुष आनंद गंभीर रूप से घायल हो गए. वहीं रीता देवी और पूनम देवी को मामूली चोटें आई हैं.

दूसरे पक्ष के पांच घायल भी भागलपुर रेफर

दूसरे पक्ष की ओर से शैम्पुल देवी, राजा कुमार, मंगल कुमार, केलू साह और सुनीता देवी गंभीर रूप से घायल हुए. सभी को बेहतर इलाज के लिए मायागंज अस्पताल रेफर किया गया. जबकि रामकुमार और सुलेखा देवी को प्राथमिक उपचार के बाद अस्पताल में रखा गया.

आवेदन मिलने पर होगी कानूनी कार्रवाई

असरगंज थाना के अधिकारियों ने अस्पताल पहुंचकर घायलों का हालचाल जाना. पुलिस का कहना है कि दोनों पक्षों से आवेदन मिलने के बाद मामले की जांच कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी. फिलहाल घटना को लेकर पुलिस पूरे मामले पर नजर बनाए हुए है.

ALSO READ: सदर अस्पताल, मुंगेर में आज का ओपीडी शेड्यूल जारी, मरीज समय देखकर पहुंचे

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Pintu Pranav

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >