मुंगेर शहर के उत्तरी भाग मोगल बाजार में स्थित दशभुजी दुर्गा स्थान पर न केवल मुंगेर, बल्कि जिले के बाहर के लोगों की भी गहरी आस्था है. दशभुजी मां दुर्गा की प्रतिमा श्रद्धालुओं की आस्था का बड़ा केंद्र है. यहां दूर-दराज से लोग पूजा-अर्चना करने और अपनी मनोकामना पूर्ण होने की कामना लेकर पहुंचते हैं.
मनोकामना पूर्ण होने की है मान्यता
दशभुजी दुर्गा मंदिर की मान्यता है कि यहां भक्त मां से जो भी मनोकामना मांगते हैं, मां उसे जरूर पूर्ण करती हैं. यहां मां का आशीर्वाद लेने के लिए लोग विवाह जैसे शुभ कार्यों से पहले भी पहुंचते हैं. प्रतिदिन सुबह और शाम होने वाली पूजा-आरती के दौरान घंटियों की मधुर ध्वनि श्रद्धालुओं को भक्ति में डुबो देती है.
प्रतिदिन पहुंचते हैं सैकड़ों श्रद्धालु
दशभुजी मां दुर्गा मंदिर में प्रतिदिन सैकड़ों की संख्या में श्रद्धालु पूजा-अर्चना के लिए पहुंचते हैं. मंदिर की घंटियों की आवाज से पूरा उत्तरी क्षेत्र प्रतिदिन गूंजायमान होता है. नवरात्र के समय यहां श्रद्धालुओं की विशेष भीड़ उमड़ती है. इस दौरान लोग दूर-दराज से अपने परिवार की सुख-समृद्धि और मंगल कामना के लिए मां की पूजा-अर्चना करने पहुंचते हैं.
