TB Free Campaign: मुंगेर स्वास्थ्य विभाग की ओर से गुरुवार को टाउन हॉल भवन में टीबी मुक्त भारत अभियान के तहत विशेष स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया. शिविर में नगर निगम क्षेत्र के उच्च जोखिम वाले 63 लोगों की मेडिकल टीम द्वारा टीबी स्क्रीनिंग की गई. इस दौरान नगर आयुक्त पार्थ गुप्ता एवं जिला स्वास्थ्य समिति के जिला कार्यक्रम प्रबंधक फैजान आलम अशरफी ने शिविर का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया.
63 लोगों की स्क्रीनिंग, 30 को भेजा गया एक्स-रे के लिए
सिविल सर्जन डॉ राजू ने बताया कि शिविर में कुल 63 लोगों की टीबी स्क्रीनिंग की गई. जांच के बाद 30 लोगों में लक्षण पाए जाने पर उन्हें आगे की जांच के लिए सदर अस्पताल भेजा गया, जहां उनका एक्स-रे कराया गया.
बीपी, शुगर सहित अन्य स्वास्थ्य जांच भी हुई
टीबी जांच के साथ-साथ गैर संचारी रोग कार्यक्रम के तहत शिविर में आए सभी लोगों का रक्तचाप (बीपी), शुगर की जांच तथा आवश्यक चिकित्सकीय परामर्श भी दिया गया. स्वास्थ्य विभाग ने इसे समग्र स्वास्थ्य जांच अभियान का हिस्सा बताया.
स्वास्थ्य कर्मियों ने निभाई महत्वपूर्ण भूमिका
TB Free Campaign: शिविर में शहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र अरगरा रोड के चिकित्सक डॉ जाबिर हुसैन, फार्मासिस्ट अवधेश कुमार, स्वास्थ्यकर्मी प्रिया भारती, लक्ष्मी कुमारी, अनुजा भारती, साक्षी आनंद, दीपक कुमार, अभय कुमार एवं राकेश कुमार ने सेवाएं दीं. वहीं जिला शहरी स्वास्थ्य सलाहकार संदीप कुमार यादव भी मौजूद रहे.
सभी प्रखंडों में चल रहा विशेष अभियान
सिविल सर्जन डॉ राजू ने बताया कि टीबी मुक्त भारत अभियान के तहत जिले के सभी प्रखंडों में विशेष स्वास्थ्य शिविर लगाए जा रहे हैं. इन शिविरों में वृद्ध, गर्भवती एवं धातृ महिलाएं, गंभीर बीमारियों से पीड़ित व्यक्ति तथा पूर्व में टीबी मरीज के संपर्क में आए लोगों की प्राथमिकता के आधार पर टीबी स्क्रीनिंग की जा रही है.
ये भी पढ़ें: 'मुझे वैभव सूर्यवंशी की नहीं...', इंग्लैंड के दिग्गज ने बताई भारतीय टीम की असली चुनौती
