Solar Loan Mela: शहर के नगर भवन में शुक्रवार से प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के तहत तीन दिवसीय 'सोलर सह सोलर लोन मेला' शुरू हुआ. जिलाधिकारी सौरभ सुमन यादव ने मेले का उद्घाटन किया. 1 से 3 अगस्त तक आयोजित इस मेले के पहले दिन करीब 300 उपभोक्ताओं और आमजनों ने भाग लिया.
डीएम ने बताई सब्सिडी की पूरी जानकारी
जिलाधिकारी ने योजना के लाभों की जानकारी देते हुए बताया कि 1 किलोवाट सौर संयंत्र पर 30 हजार रुपये, 2 किलोवाट पर 60 हजार रुपये तथा 3 किलोवाट या उससे अधिक क्षमता के संयंत्र पर अधिकतम 78 हजार रुपये तक की केंद्रीय सब्सिडी दी जाती है. उन्होंने पात्र लोगों से योजना का अधिक से अधिक लाभ उठाने की अपील की.
आवेदन और लोन प्रक्रिया की दी जानकारी
डीएम ने आवेदन प्रक्रिया, आवश्यक दस्तावेज और एनबीपीडीसीएल के अधिकारियों से संपर्क की प्रक्रिया भी समझाई. अधीक्षण अभियंता (विद्युत) ने विद्युत अधिकारियों को अधिक से अधिक आवेदन प्राप्त करने तथा बैंकों के समन्वय से ऋण स्वीकृति प्रक्रिया तेज करने का निर्देश दिया.
उत्कृष्ट कार्य करने वालों को किया सम्मानित
कार्यक्रम के दौरान योजना के बेहतर क्रियान्वयन के लिए 'सिमर पावर' एजेंसी, स्टेट बैंक के मुख्य प्रबंधक तथा एसबीआई छतौनी शाखा प्रबंधक को सम्मानित किया गया. वहीं योजना के एक लाभार्थी को दो लाख रुपये के ऋण स्वीकृति का चेक भी प्रदान किया गया.
सोलर वेंडर्स और बैंकों ने दी तकनीकी जानकारी
मेले में विभिन्न अधिकृत सोलर वेंडर्स ने स्टॉल लगाकर सौर संयंत्र की क्षमता, लागत, सब्सिडी और बिजली बिल में होने वाली बचत की जानकारी दी. वहीं एलडीएम, सेंट्रल बैंक और स्टेट बैंक के प्रतिनिधियों ने मौके पर ही ऋण आवेदन और स्वीकृति प्रक्रिया को लेकर लोगों का मार्गदर्शन किया.
कार्यक्रम में नगर आयुक्त आशीष कुमार, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी, रक्सौल और चकिया के विद्युत कार्यपालक अभियंता सहित कई अधिकारी उपस्थित रहे. कार्यक्रम का संचालन विद्युत कार्यपालक अभियंता पी. के. सुमन ने किया.
