Motihari: चकिया. विद्युत विभाग ने दुर्गा पूजा पंडालों और मेला स्थलों पर बिजली के उपयोग और सुरक्षा के लिए दिशा-निर्देश जारी किया है, जिसके अनुसार पंडालों में कराए जाने वाले सभी विद्युत कार्य अनुभवी और अधिकृत ठेकेदारों द्वारा करवाने तथा बिजली उपकरणों से बच्चों व भीड़ को दूर रखने के लिए सुरक्षा घेरा बनाने का निर्देश दिया गया है. पंडालों को बिजली के खंभों, तारों और ट्रांसफार्मर से सुरक्षित दूरी पर स्थापित करने के निर्देश दिए हैं. विभाग के कनीय अभियंता ने पत्र के माध्यम से पूजा समितियों को इसकी सारी जानकारी भी दी है, जिसमे 11 हजार बोल्ट तक पंडालों की निम्नतम दूरी 1.2 मीटर से 2.5 मीटर और 11 हजार से 33 हजार बोल्ट तक निम्नतम दूरी 2.0 मीटर से 3.7 मीटर तक रखने के निर्देश दिए गए हैं. विद्युत कार्यपालक अभियंता संतोष कुमार ने बताया कि स्थल निरीक्षण के दौरान ऐसा प्रतीत हुआ कि पंडालों का निर्माण वर्णित दूरी के अनुसार न होकर काफी नजदीक कराया जा रहा है.ऐसी स्थिति में कभी भी कोई बड़ी दुर्घटना हो सकती है जिसकी सारी जिम्मेदारी संबंधित पूजा समितियों की होगी. पंडालों को दिए जाने वाले अस्थाई कनेक्शन की दरें निम्न प्रकार हैं. इसमें 1 केवी के लिए 2049,2 केवी के लिए 2990,3 केवी के लिए 4004,4 केवी के लिए 5018 तथा 5 केवी के लिए 7507 रुपये लगेंगे. विभाग ने फ्यूज कौल और सभी प्रशाखा से संबंधित मोबाइल नंबर भी जारी किए हैं. जिस पर किसी भी आपात स्थिति में संपर्क किया जा सकता है.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
