अनियंत्रित एंबुलेंस की ठोकर से किशोर की मौत, कई लोग घायल

जीप स्टैंड से पूरब नहर रोड पर शुक्रवार की शाम साढ़े सात बजे के लगभग एक अनियंत्रित एवं लापरवाह एंबुलेंस चालक ने कई लोगों को रौंद दिया.

छौड़ादानो : स्थानीय जीप स्टैंड से पूरब नहर रोड पर शुक्रवार की शाम साढ़े सात बजे के लगभग एक अनियंत्रित एवं लापरवाह एंबुलेंस चालक ने कई लोगों को रौंद दिया. इस दुर्घटना में एक पन्द्रह वर्षीय बालक की मौके पर हीं मौत हो गई. जबकि एक 14 वर्षीय किशोर गंभीर रुप से घायल हो गया है. वहीं कई और लोगों के घायल होने की भी खबर है. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार एंबुलेंस की रफ्तार इतनी तेज थी कि, लोगों ने भाग-भाग कर अपनी जान बचाई. दुर्घटना में मृत केशव कुमार उर्फ कुणाल छौड़ादानो थाना क्षेत्र के भेलवा गांव निवासी शिक्षक उमाशंकर राम का पुत्र बताया जाता है. वह आठवीं वर्ग का छात्र था. जबकि घायल आकाश कुमार भेलवा के हीं मीठू राम का पुत्र है. मृतक कुणाल और घायल आकाश कुमार आपस में चचेरे भाई हैं. दोनों कोचिंग से पढ़ाई कर घर लौट रहे थे. तभी दुर्घटना का शिकार हो गए. घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को पीएचसी पहुंचाया. जहां चिकित्सकों ने कुणाल को मृत घोषित कर दिया. जबकि आकाश की नाजुक स्थिति को देखते हुए बेहतर चिकित्सा के लिए मोतिहारी भेज दिया गया है. वहीं घटना के बाद आक्रोशित लोगों ने एंबुलेंस चालक की जमकर धुनाई के बाद उसे पुलिस को सौंप दिया है. एंबुलेंस चालक छौड़ादानो थाना क्षेत्र के कटहरिया गांव का संदीप कुमार उर्फ भट्टू यादव बताया जाता है जो बनकटवा के बकुलिया गांव के एक महिला को प्रसव के लिए अस्पताल ले कर जा रहा था. वहीं एंबुलेंस आदापुर थाना क्षेत्र के झिटकहिंया गांव के किसी व्यक्ति का होने की बात बताई जा रही है. दुर्घटना के बाद पुलिस ने महिला को दुसरी सवारी से अस्पताल भेज दिया है. वहीं गिरफ्तार एंबुलेंस चालाक से पूछताछ कर रही है.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >