मोतिहारी: एलएनडी कॉलेज में बौद्धिक युवा संवाद, पंच परिवर्तन अभियान पर हुई चर्चा

मोतिहारी के एलएनडी कॉलेज में आरएसएस के 'पंच परिवर्तन' अभियान पर आयोजित युवा संवाद में राष्ट्र निर्माण, पर्यावरण संरक्षण और सामाजिक समरसता जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर युवाओं को जागरूक किया गया. कार्यक्रम में स्वयंसेवकों ने विकसित भारत के निर्माण का संकल्प लिया.

Motihari News: राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के शताब्दी वर्ष के उपलक्ष्य में मोतिहारी के एलएनडी कॉलेज में 'पंच परिवर्तन आधारित युवा संकल्प' विषय पर बौद्धिक युवा संवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया. कार्यक्रम में युवाओं से राष्ट्र निर्माण, पर्यावरण संरक्षण, सामाजिक समरसता और नागरिक कर्तव्यों के प्रति जागरूक रहने का आह्वान किया गया.

दीप प्रज्ज्वलन के साथ कार्यक्रम की शुरुआत

कार्यक्रम का शुभारंभ राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ उत्तर बिहार प्रांत के महाविद्यालय छात्र कार्य प्रमुख एवं महात्मा गांधी केंद्रीय विश्वविद्यालय (एमजीसीयू) के प्राध्यापक प्रो. शिवेंद्र सिंह, प्रो. प्रभाकर कुमार, सत्यम कार्तिकेय वत्स और राजीव कुमार ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया.

मुख्य वक्ता प्रो. शिवेंद्र सिंह ने कहा कि वर्तमान समय केवल अधिकारों की चर्चा का नहीं, बल्कि कर्तव्यों के निर्वहन का भी समय है. उन्होंने कहा कि पर्यावरण संकट, सांस्कृतिक चुनौतियां, सामाजिक विघटन और नागरिक दायित्वों के प्रति उदासीनता जैसी समस्याओं का समाधान जागरूक और जिम्मेदार नागरिक ही कर सकते हैं.

‘पंच परिवर्तन’ अभियान पर दिया जोर

प्रो. शिवेंद्र सिंह ने राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के 'पंच परिवर्तन' अभियान को समाज में सकारात्मक बदलाव का व्यापक जनआंदोलन बताया. उन्होंने कहा कि यह अभियान कर्तव्यबोध, आत्मानुशासन और समाज के प्रति सकारात्मक सहभागिता की भावना विकसित करने का प्रयास है.

संघ के जिला प्रचारक शिवम् सोनू ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण केवल सरकार की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक का नैतिक दायित्व है. उन्होंने स्वदेशी स्वाभिमान, भारतीय संस्कृति, इतिहास, भाषा और परंपराओं के सम्मान पर भी विशेष जोर दिया.

विद्यार्थियों ने पूछे सवाल, मिला संवाद का मौका

व्याख्यान के बाद आयोजित संवाद सत्र में विद्यार्थियों और शोधार्थियों ने नागरिक कर्तव्य, सामाजिक समरसता, स्वदेशी, पर्यावरण संरक्षण, युवाओं की भूमिका और विकसित भारत जैसे विषयों पर सवाल पूछे.

शिवम् सोनू ने कहा कि युवा केवल देश का भविष्य नहीं, बल्कि वर्तमान के परिवर्तनकारी नेतृत्व हैं. उन्होंने विश्वविद्यालयों को चरित्र निर्माण और नेतृत्व विकास का केंद्र बताया.

राष्ट्र निर्माण का लिया संकल्प

कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रो. प्रभाकर कुमार ने की, जबकि संचालन सत्यम कार्तिकेय वत्स ने किया. अंत में विद्यार्थियों और शिक्षकों ने सेवा, अनुशासन, पर्यावरण संरक्षण, सामाजिक समरसता, स्वदेशी और नागरिक कर्तव्यों के पालन के साथ राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखते हुए विकसित भारत के निर्माण में योगदान देने का सामूहिक संकल्प लिया.

इस अवसर पर एमजीसीयू के प्रो. अरुण दुबे, एबीवीपी कार्यकर्ता ऋषभ राज, तान्या दुबे, अखिलेश्वर मिश्रा, आयुष किशन, प्रभाकर कुमार सहित बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे.


प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

अमृतेश 15 वर्षों से प्रिंट और डिजिटल पत्रकारिता में सक्रिय हैं. खबर पर हमेशा पैनी नजर रखने वाले अमृतेश को क्षेत्रीय और जमीनी स्तर की रिपोर्टिंग का लंबा अनुभव है. वर्तमान में ये डिजिटल मीडिया के क्षेत्र में अपनी लेखनी के जरिए लगातार सक्रिय हैं.

और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >