Motihari News: मिठाई दुकान में नेपाल के रहने वाले स्टाफ ने लगाई फांसी, FSL की टीम जांच में जुटी

Motihari News: मोतिहारी के रक्सौल में एक मिठाई दुकान के स्टाफ रूम में नेपाल निवासी 22 वर्षीय युवक ने फांसी लगाकर जान दे दी. पुलिस और एफएसएल की टीम ने मौके पर पहुंचकर मामले की वैज्ञानिक जांच शुरू कर दी है.जानिए पूरी खबर…

रक्सौल से मनोज कुमार गुप्ता की रिपोर्ट

मोतिहारी जिले के रक्सौल क्षेत्र में मिठाई दुकान में काम करने वाले एक 22 वर्षीय स्टाफ ने सोमवार को फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली. मृतक की पहचान नेपाल के पर्सा जिला अंतर्गत वीरगंज के उदयपुर घुर्मी निवासी कुरेश साह के पुत्र राजन साह के रूप में की गई है. इस घटना के बाद से दुकान और आसपास के इलाके में सनसनी फैल गई है.

साफ-सफाई कर आराम करने गया और फिर…’ जानिए क्या बोले संचालक

घटना के संबंध में पूजा स्वीट्स के संचालक श्याम झा और धर्मनाथ प्रसाद ने संयुक्त रूप से बताया कि राजन काफी समय से उनके यहाँ काम करता था और रात में दुकान में ही सोता था. सोमवार की सुबह भी वह रोजाना की तरह सामान्य रूप से उठा और दुकान की अच्छी तरह से साफ-सफाई की. इसके बाद उसने अन्य स्टाफ से कहा कि वह कुछ देर स्टाफ रूम में आराम करने जा रहा है. वह अपने साथ कोल्ड ड्रिंक की एक बोतल लेकर कमरे के अंदर चला गया.

दूध की गाड़ी आने पर खुला राज, फंदे से लटका मिला शव

करीब दो घंटे बीत जाने के बाद जब दुकान पर दूध की गाड़ी आई, तो संचालक ने एक अन्य कर्मचारी को राजन को बुलाने के लिए स्टाफ रूम में भेजा. कमरे के अंदर का नजारा देखते ही उस कर्मचारी के होश उड़गए. राजन कमरे के भीतर फंदे से लटका हुआ था. उसकी चीख-पुकार सुनकर दुकान के संचालक और स्थानीय लोग मौके पर जमा हो गए. आनन-फानन में स्थानीय लोगों की मौजूदगी में उसे फंदे से नीचे उतारा गया और तुरंत रक्सौल थाना पुलिस को इसकी सूचना दी गई.

FSL की टीम जांच में जुटी

FSL की टीम, जांच के बाद शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा

हादसे की जानकारी मिलते ही रक्सौल थाना के अपर थानाध्यक्ष रवि कुमार और पुलिस अवर निरीक्षक (पुआनि) कृष्ण मुरारी के नेतृत्व में पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची और मामले की छानबीन शुरू की. घटना की संवेदनशीलता को देखते हुए मोतिहारी जिला मुख्यालय से फॉरेंसिक साइंस लेबोरेटरी (FSL) की टीम को भी रक्सौल बुलाया गया. एफएसएल की टीम ने घटनास्थल से आवश्यक वैज्ञानिक नमूने (सैंपल) एकत्र किए हैं. अपर थानाध्यक्ष रवि कुमार ने बताया कि शव को अभिरक्षा में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल मोतिहारी भेज दिया गया है, जिसके बाद इसे नेपाल स्थित परिजनों को सौंप दिया जाएगा. पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: SUMIT KUMAR

सुमित पत्रकारिता में पिछले 4 वर्षों से सक्रिय। प्रभात खबर के प्रिंट मीडिया के साथ काम करने के बाद वर्तमान में प्रभात खबर की डिजिटल टीम से जुड़े हुए हैं। क्राइम, हाईपरलोकल, स्वास्थ्य विभाग व राजनीतिक रिपोर्टिंग में विशेष रुचि और अनुभव रखते हैं। क्षेत्रीय मुद्दों और जनसरोकार की खबरों को सशक्त तरीके से उठाने के लिए जाने जाते हैं।

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >