मोतिहारी बंजरिया से राज निखिल का रिपोर्ट
Motihari News: क्षेत्र में कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ करने और जन समस्याओं के त्वरित समाधान के उद्देश्य से सदर वन अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी दिलीप कुमार ने एक महत्वपूर्ण बैठक की. बंजरिया प्रखंड स्थित सिसवा पूर्वी पंचायत सरकार भवन में आयोजित इस बैठक में प्रखंड के जिप सदस्य, विभिन्न पंचायतों के मुखिया, पंचायत समिति सदस्य और अन्य स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया.
अपराध नियंत्रण और सामाजिक सौहार्द पर हुई चर्चा
बैठक के दौरान एसडीपीओ दिलीप कुमार ने जनप्रतिनिधियों से उनके क्षेत्रों में व्याप्त समस्याओं पर विस्तार से चर्चा की. जनप्रतिनिधियों ने अपने-अपने क्षेत्रों की चुनौतियों, खासकर अपराध नियंत्रण, अवैध शराब की बिक्री और सामाजिक सौहार्द बनाए रखने जैसे गंभीर मुद्दों को एसडीपीओ के समक्ष प्रमुखता से रखा.
असामाजिक तत्वों पर होगी सख्त कार्रवाई
जनप्रतिनिधियों की बातों को गंभीरता से सुनते हुए एसडीपीओ ने कहा कि पुलिस और जनता के बीच बेहतर समन्वय से ही अपराध पर पूर्णतः अंकुश लगाया जा सकता है. उन्होंने आश्वासन दिया कि सभी समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान होगा. एसडीपीओ ने स्पष्ट निर्देश दिया कि किसी भी असामाजिक तत्व को बख्शा नहीं जाएगा. उन्होंने अपील की कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस को दें.
बैठक में कई गणमान्य लोग रहे मौजूद
इस अवसर पर सुगौली सर्किल इंस्पेक्टर संजीव मौवार, पूर्व प्रखण्ड प्रमुख जफीर आजाद, मुखिया तान्या प्रवीण, चमन, जिप सदस्य ई. तौसीफूर रहमान, विजय प्रसाद यादव, पैक्स अध्यक्ष राजू यादव और मो. जिकारुउल्लाह सहित कई स्थानीय जनप्रतिनिधि और गणमान्य लोग मौजूद रहे.
