मोतिहारी से इन्तेजारूल हक की रिपोर्ट
Motihari News: जिला समाहरणालय के डॉ.राधाकृष्णन भवन में जिला 20 सूत्री कार्यक्रम कार्यान्वयन समिति की बैठक आयोजित की गई.इस बैठक की अध्यक्षता बिहार सरकार के ग्रामीण विकास मंत्री सह जिले के प्रभारी मंत्री श्रवण कुमार ने की.प्रभारी मंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की कर्मभूमि रहे पूर्वी चंपारण में बापू से जुड़े सभी ऐतिहासिक स्थलों को चिन्हित कर उनके विकास का प्रस्ताव जल्द से जल्द सरकार को भेजें.उन्होंने स्पष्ट किया कि जन समस्याओं का समय पर निपटारा और विकास योजनाओं की गुणवत्ता सरकार की पहली प्राथमिकता है.
रामगढ़वा में बनेगा इंडस्ट्रियल एरिया, पंचायत भवनों में शुरू होगा काम
बैठक में प्रभारी मंत्री ने जिले में औद्योगिक विकास को गति देने के लिए रामगढ़वा में इंडस्ट्रियल एरिया (औद्योगिक क्षेत्र) के लिए जमीन चिन्हित करने का निर्देश दिया.इसके साथ ही सम्राट अशोक भवन के निर्माण के लिए भी जमीन उपलब्धता पर चर्चा की गई.बाबा सोमेश्वर नाथ मंदिर परिसर के विकास और मुख्य पथ को जोड़ने वाले बाईपास निर्माण पर भी विचार किया गया.मंत्री ने कहा कि जिन पंचायतों में ‘पंचायत सरकार भवन’ का निर्माण पूर्ण हो चुका है,उन्हें एक सप्ताह के भीतर चालू कर ग्रामीण जनता को लाभ देना सुनिश्चित करें.
मनरेगा और पीएम आवास योजना में जिले ने हासिल की बड़ी उपलब्धि
बैठक के दौरान उप विकास आयुक्त (DDC) ने पावरपॉइंट प्रेजेंटेशन के माध्यम से जिले की विकास योजनाओं की प्रगति रिपोर्ट पेश की.ग्रामीण विकास के कार्यों की उपलब्धि की जानकारी देते हुए उप विकास आयुक्त ने बताया कि जिले में खेल के मैदान में 99.67 प्रतिशत की उपलब्धि अर्जित की गई है. कुल 394 ग्राम पंचायतों में 307 खेल मैदान को पूर्ण कर लिया गया है. बताया कि मनरेगा अंतर्गत मानव दिवस सृजन के मामले में वित्तीय वर्ष 2025- 26 में 99.61प्रतिशत की उपलब्धि प्राप्त की गई है. अभी तक 116,51,831 मानव दिवस का सृजन किया गया है. वित्तीय वर्ष 26-27 अंतर्गत भी पिछले दो माह में 22.27 प्रतिशत की उपलब्धि अर्जित करते हुए 533 032 मानव दिवस का सृजन किया गया है. प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के तहत वर्ष 2024-25 से 2025-26 तक 1,06,424 के लक्ष्य के मुकाबले 1,06,281 परिवारों को आवास की स्वीकृति दी जा चुकी है,जिसमें से 27,455 आवास पूर्ण हो चुके हैं.
बैठक में सांसद, विधायक और प्रशासनिक अधिकारी रहे मौजूद
इस उच्च स्तरीय समीक्षा बैठक में शिवहर सांसद लवली आनंद,स्थानीय विधायक प्रमोद कुमार,राणा रणधीर सिंह,शालिनी मिश्रा,सचिंद्र प्रसाद सिंह,राजू तिवारी,विधान पार्षद महेश्वर सिंह,डॉ.खालिद अनवर,जिला परिषद अध्यक्ष ममता राय,बीस सूत्री उपाध्यक्ष मंजू देवी,जिलाधिकारी (DM) सौरभ जोरवाल,पुलिस अधीक्षक (SP) स्वर्ण प्रभात सहित सभी अनुमंडल पदाधिकारी और कार्यपालक अभियंता उपस्थित थे.
