मोतिहारी से सच्चिदानंद सत्यार्थी की रिपोर्ट
Morihari News: पूर्वी चम्पारण जिला प्रभारी मंत्री श्रवण कुमार का मंगलवार को चिरैया प्रखंड के मीरपुर में भव्य स्वागत किया गया. पंचायत स्तर पर आयोजित जन सहयोग संवाद शिविर के तहत शिकारगंज और ढाका जाने के क्रम में भाजपा विधायक लालबाबू प्रसाद गुप्ता के नेतृत्व में बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं ने उनका अभिनंदन किया. इस दौरान स्थानीय ग्रामीणों ने प्रभारी मंत्री को अपनी विभिन्न समस्याओं से अवगत कराया.
हर व्यक्ति के अधिकारों की रक्षा के लिए सरकार संकल्पित
मीरपुर में उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए मंत्री श्रवण कुमार ने कहा कि नीतीश सरकार की एक ही मंशा है कि राज्य में पंचायत स्तर तक सर्वांगीण विकास हो. समाज का कोई भी व्यक्ति उपेक्षित महसूस न करे और हर नागरिक के अधिकारों की रक्षा हो सके. उन्होंने जोर देकर कहा कि सरकार जनता के अधिकारों और उनकी खुशहाली के लिए पूरी तरह से कृतसंकल्पित है.
लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों पर होगी सख्त कार्रवाई
प्रभारी मंत्री ने अधिकारियों को कड़ा संदेश देते हुए कहा कि जन सहयोग संवाद शिविर में जितने भी आवेदन और शिकायतें आ रही हैं, उन सभी का निष्पादन एक निर्धारित समय सीमा के भीतर किया जाएगा. उन्होंने साफ शब्दों में चेतावनी दी कि यदि जनसमस्याओं के निपटारे में कहीं से भी कोई लापरवाही या ढिलाई सामने आई, तो संबंधित अधिकारियों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा. उनके खिलाफ तत्काल सख्त प्रशासनिक कार्रवाई की जाएगी.
