मोतिहारी: सहयोग शिविर की तैयारियों का एसडीओ ने लिया जायजा, अधिकारियों को दिए निर्देश

कल्याणपुर में 2 जून को आयोजित होने वाले सहयोग शिविर की तैयारियों का एसडीओ और बीडीओ ने निरीक्षण किया. अधिकारियों ने व्यवस्थाओं की समीक्षा कर संबंधित कर्मियों को आवश्यक निर्देश दिए. पढ़ें पूरी खबर…

मोतिहारी के कल्याणपुर से सुबोध कुमार सिंह की रिपोर्ट

Motihari News: कल्याणपुर प्रखंड क्षेत्र में 2 जून 2026 को आयोजित होने वाले सहयोग शिविर की तैयारियों का निरीक्षण सोमवार को चकिया अनुमंडल पदाधिकारी शिवानी शुभम एवं प्रखंड विकास पदाधिकारी चंद्रगुप्त कुमार बैठा ने किया. अधिकारियों ने विभिन्न पंचायतों में निर्धारित शिविर स्थलों का जायजा लेकर व्यवस्थाओं की समीक्षा की और संबंधित कर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए.

तीन पंचायतों के शिविर स्थलों का किया निरीक्षण

निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने सबसे पहले पिपराखेम पंचायत स्थित उत्क्रमित मध्य विद्यालय मठ जगदीश का दौरा किया. इसके बाद दिलावरपुर पंचायत सरकार भवन तथा मेदन सिरसिया पंचायत के जीपीएस गंगा सिरसिया उर्दू मैदान का भी निरीक्षण किया गया.

अधिकारियों ने शिविर स्थल पर बैठने की व्यवस्था, पेयजल, बिजली, साफ-सफाई, आवेदन प्राप्ति एवं निष्पादन काउंटर समेत अन्य आवश्यक सुविधाओं की जानकारी ली.

लोगों की सुविधा सुनिश्चित करने के निर्देश

अनुमंडल पदाधिकारी शिवानी शुभम ने अधिकारियों और कर्मचारियों को निर्देश देते हुए कहा कि सहयोग शिविर में आने वाले लोगों को किसी प्रकार की परेशानी नहीं होनी चाहिए. सभी विभागों के कर्मी समय पर उपस्थित रहकर लोगों की समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करें.

उन्होंने कहा कि सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाना प्रशासन की प्राथमिकता है और इसके लिए सभी विभागों को समन्वय के साथ कार्य करना होगा.

विभिन्न विभागों की समस्याओं का होगा समाधान

प्रखंड विकास पदाधिकारी चंद्रगुप्त कुमार बैठा ने बताया कि सहयोग शिविर के माध्यम से विभिन्न विभागों से संबंधित शिकायतों एवं आवेदनों का निष्पादन किया जाएगा. इसके लिए सभी आवश्यक तैयारियां पूरी की जा रही हैं.

उन्होंने कहा कि अधिक से अधिक लोगों की भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए पंचायत स्तर पर व्यापक प्रचार-प्रसार भी कराया जा रहा है. निरीक्षण के दौरान पंचायत प्रतिनिधि एवं संबंधित कर्मी मौजूद रहे.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Sarfaraz Ahmad

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >