Motihari News: झरौखर थाना परिसर में भारत-नेपाल सीमा पर सुरक्षा और आपसी समन्वय को लेकर भारतीय और नेपाल के अधिकारियों की बैठक आयोजित की गई. बैठक की अध्यक्षता सिकरहना एसडीओ विजय कुमार ने की. इसमें सिकरहना एसडीपीओ अभिषेक कुमार, एसएसबी अधिकारियों, नेपाल एपीएफ के पदाधिकारियों सहित सीमावर्ती क्षेत्र के अन्य अधिकारी शामिल हुए. बैठक में अपराध नियंत्रण, तस्करी पर रोक और दोनों देशों की सुरक्षा एजेंसियों के बीच बेहतर तालमेल पर विस्तार से चर्चा की गई.
Ghorasahan News: अपराध और तस्करी रोकने पर हुई चर्चा
बैठक में भारत और नेपाल के सीमावर्ती क्षेत्रों में अपराध पर प्रभावी नियंत्रण को लेकर विचार-विमर्श किया गया. अधिकारियों ने कहा कि खुली सीमा के कारण अपराधियों और तस्करों की गतिविधियों पर नजर रखने के लिए दोनों देशों की पुलिस और सुरक्षा एजेंसियों के बीच बेहतर समन्वय जरूरी है.
संदिग्ध गतिविधियों की सूचना साझा करने पर जोर
बैठक में निर्णय लिया गया कि सीमा क्षेत्र में संदिग्ध गतिविधियों, अपराधियों और तस्करी से जुड़ी सूचनाओं को दोनों देशों की संबंधित एजेंसियों के साथ तत्काल साझा किया जाएगा. अपराध से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारी के त्वरित आदान-प्रदान पर भी विशेष जोर दिया गया.
अवैध आवाजाही पर संयुक्त कार्रवाई की रणनीति
अधिकारियों ने सीमा क्षेत्र में तस्करी, अवैध आवाजाही और अन्य आपराधिक गतिविधियों को रोकने के लिए संयुक्त रूप से प्रभावी कदम उठाने पर चर्चा की. सीमा की संवेदनशीलता को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने तथा लगातार निगरानी रखने पर सहमति बनी.
शांतिपूर्ण माहौल बनाए रखने पर जोर
बैठक में अधिकारियों ने कहा कि आपसी सहयोग और बेहतर समन्वय के माध्यम से सीमा क्षेत्र में शांतिपूर्ण माहौल बनाए रखा जा सकता है. किसी भी आपराधिक गतिविधि की सूचना मिलने पर संबंधित सुरक्षा एजेंसी को तत्काल जानकारी देने का निर्णय लिया गया.
कई अधिकारी रहे मौजूद
बैठक में सीओ अतुल कुमार बादल, घोड़ासहन थानाध्यक्ष अमरजीत कुमार, झरौखर थानाध्यक्ष असलम अंसारी समेत सीमावर्ती क्षेत्र के अन्य पुलिस पदाधिकारी, एसएसबी के अधिकारी तथा नेपाल एपीएफ के पदाधिकारी मौजूद रहे.
यह भी पढ़ें: स्वतंत्रता दिवस से पहले नरकटियागंज स्टेशन पर हाई अलर्ट, डॉग स्क्वाड ने की जांच
