वाटर पार्क विवाद में RJD सांसद पर पुलिस का शिकंजा, 27 नामजद और 30 अज्ञात पर FIR दर्ज

FIR On RJD MP: मोतिहारी के पिपराकोठी में प्रस्तावित वाटर पार्क जमीन विवाद मामले में बक्सर के राजद सांसद सुधाकर सिंह समेत 27 नामजद और 30 अज्ञात लोगों पर एफआईआर दर्ज की गई है. सांसद पर निर्माण कार्य रोकने और कर्मी से मारपीट का आरोप है.

मोतिहारी से अमरेश वर्मा की रिपोर्ट

FIR On RJD MP: मोतिहारी जिले के पिपराकोठी थाना क्षेत्र के वाटगंज में प्रस्तावित वाटर पार्क की जमीन को लेकर चल रहा विवाद अब पूरी तरह कानूनी मोड़ ले चुका है. बक्सर से राष्ट्रीय जनता दल (RJD) के सांसद सुधाकर सिंह सहित कई लोगों के खिलाफ पिपराकोठी थाने में प्राथमिकी दर्ज की गई है. सांसद और उनके समर्थकों पर निर्माण स्थल पर पहुंचकर काम रुकवाने, वहां तैनात एक कर्मी के साथ मारपीट करने तथा कानून-व्यवस्था को प्रभावित करने के गंभीर आरोप लगे हैं.

यह भी पढ़ें… आधी रात को प्रेमिका से मिलने पहुंचा प्रेमी, ग्रामीणों ने रात में ही पंचायत बैठाकर कराया निकाह

किसान सभा के बाद निर्माण स्थल पर पहुंचे थे सांसद

मोतिहारी के एसपी स्वर्ण प्रभात ने बताया कि वाटर पार्क के लिए अधिग्रहित की गई जमीन को किसानों को वापस दिलाने की मांग को लेकर सांसद सुधाकर सिंह ने वाटगंज में एक किसान सभा का आयोजन किया था. इस सभा की समाप्ति के बाद वे बड़ी संख्या में किसानों और समर्थकों के साथ सीधे वाटर पार्क के निर्माण स्थल पर पहुंच गए और वहां चल रहे काम का पुरजोर विरोध किया. इस दौरान विरोध दर्ज कराने के लिए सांसद ने खुद खेत में ट्रैक्टर भी चलाया, जिससे मौके पर अचानक तनाव की स्थिति पैदा हो गई और निर्माण कार्य पूरी तरह ठप हो गया.

यह भी पढ़ें… आयुष्मान भारत: अब व्हाट्सऐप पर मिलेगी सुविधाएं, घर बैठे बनेगा कार्ड और दिखेगा इलाज का रिकॉर्ड

निर्माण एजेंसी की शिकायत पर पुलिस की बड़ी कार्रवाई

निर्माण कार्य में लगी एजेंसी की लिखित शिकायत पर पिपराकोठी थाना पुलिस ने सांसद सुधाकर सिंह सहित 27 नामजद और 30 अज्ञात लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर आगे की तफ्तीश शुरू कर दी है. शिकायत में मुख्य रूप से निर्माण कार्य में बाधा उत्पन्न करने, कार्यस्थल पर मौजूद कर्मी के साथ मारपीट करने और सरकारी व्यवस्था में हस्तक्षेप करने का आरोप लगाया गया है. इस एफआईआर के बाद वाटर पार्क परियोजना को लेकर चल रहा यह विवाद और अधिक गरमा गया है, जिसने जिले के राजनीतिक और प्रशासनिक हलकों में एक नई बहस छेड़ दी है.

यह भी पढ़ें… लूट की झूठी साजिश रचने वाला दामाद देवघर से गिरफ्तार, सास की जमीन हड़पने के लिए बुना था जाल

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Sumit kumar

सुमित पत्रकारिता में पिछले 4 वर्षों से सक्रिय। प्रभात खबर के प्रिंट मीडिया के साथ काम करने के बाद वर्तमान में प्रभात खबर की डिजिटल टीम से जुड़े हुए हैं। क्राइम, हाईपरलोकल, स्वास्थ्य विभाग व राजनीतिक रिपोर्टिंग में विशेष रुचि और अनुभव रखते हैं। क्षेत्रीय मुद्दों और जनसरोकार की खबरों को सशक्त तरीके से उठाने के लिए जाने जाते हैं।

और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >