यूरिया संकट से किसान परेशान, पैक्स अध्यक्ष ने डीएम से लगाई गुहार

मोतिहारी के कृष्णानगर पंचायत में यूरिया की गंभीर किल्लत से किसान हताश हैं. पैक्स अध्यक्ष ने जिलाधिकारी से पर्याप्त मात्रा में यूरिया उपलब्ध कराने की मांग की है, क्योंकि धान की खेती पर इसका बुरा असर पड़ सकता है.

Motihari News: कृष्णानगर पंचायत में खरीफ मौसम के दौरान यूरिया की किल्लत से किसानों की परेशानी बढ़ गई है. पंचायत के पैक्स अध्यक्ष अभिषेक कुमार सिंह ने किसानों की जरूरत के अनुरूप पर्याप्त यूरिया उपलब्ध कराने तथा उर्वरक आवंटन व्यवस्था की जांच कराने की मांग जिलाधिकारी से की है. उनका कहना है कि पर्याप्त खाद नहीं मिलने से धान की खेती प्रभावित होने की आशंका है.

Madhuban News: जरूरत 2250 बोरी की, मिली सिर्फ 125 बोरी

पैक्स अध्यक्ष ने बताया कि पंचायत में 845.2 हेक्टेयर क्षेत्र में विभिन्न फसलों की खेती होती है. खरीफ मौसम में धान की फसल के लिए दो बार यूरिया की आवश्यकता पड़ती है. इसके अनुसार पंचायत के किसानों के लिए करीब 2250 बोरी यूरिया की जरूरत है, लेकिन अब तक कृष्णानगर पैक्स को मात्र 125 बोरी यूरिया ही उपलब्ध कराई गई है.

पैक्स पर ही निर्भर हैं अधिकांश किसान

उन्होंने कहा कि कृष्णानगर पैक्स क्षेत्र का एकमात्र सक्रिय उर्वरक बिक्री केंद्र है. अन्य सरकारी या निजी केंद्र सक्रिय नहीं होने के कारण अधिकांश किसान इसी पैक्स पर निर्भर हैं. आरोप लगाया कि निजी कंपनियों की यूरिया रैक आने के बावजूद पैक्स के लिए निर्धारित 25 प्रतिशत आवंटन का लाभ नहीं मिल रहा है, जिससे किसानों को समय पर खाद उपलब्ध नहीं हो पा रही है.

टैगिंग और परिवहन खर्च से बढ़ रही परेशानी

अभिषेक कुमार सिंह ने कहा कि पैक्स को मुख्य रूप से इफको के माध्यम से यूरिया मिलता है. कई बार यूरिया के साथ अन्य उत्पाद लेने की शर्त (टैगिंग) के कारण आर्थिक बोझ बढ़ जाता है, जिससे समय पर खाद का उठाव और वितरण प्रभावित होता है. उन्होंने बताया कि मधुबन की दूरी पांच से छह किलोमीटर होने के कारण किसानों को अतिरिक्त परिवहन खर्च भी उठाना पड़ता है. उन्होंने डीएम से आवंटन व्यवस्था की जांच कराने तथा चरणबद्ध तरीके से पर्याप्त यूरिया उपलब्ध कराने की मांग की है.

कृषि विभाग ने किसानों के हित का दिया भरोसा

इस मामले में अनुमंडल कृषि पदाधिकारी ने कहा कि यूरिया वितरण में टैगिंग की कोई बाध्यता नहीं है. किसानों के हितों का पूरा ध्यान रखा जाएगा और उपलब्धता के अनुसार उर्वरक की आपूर्ति सुनिश्चित करने का प्रयास किया जाएगा.

यह भी पढ़ें: मधुबन में पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 21 कार्टन अंग्रेजी शराब के साथ पांच तस्कर गिरफ्तार


प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >