Motihari News: बंजरिया थाना क्षेत्र के चैलाहां-फुलवार मुख्य मार्ग पर जटवा पुल चौक और पुराना चौक के बीच कब्रिस्तान के समीप रविवार को दो बाइकों की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई. हादसे में एक 60 वर्षीय वृद्ध गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि दूसरे बाइक सवार युवक को मामूली चोटें आईं. सूचना पर पहुंची 112 पुलिस टीम ने गंभीर रूप से घायल वृद्ध को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां से उन्हें बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल, मोतिहारी रेफर कर दिया गया.
Banjariya News: जटवा पुल चौक के पास हुआ हादसा
घायल वृद्ध की पहचान बंजरिया थाना क्षेत्र के जनेरवा गांव निवासी 60 वर्षीय सोनेलाल साह के रूप में हुई है. जानकारी के अनुसार सोनेलाल साह टीवीएस मोपेड से अपने घर जनेरवा से मोतिहारी की ओर जा रहे थे.
इसी दौरान जटवा पुल चौक और पुराना चौक के बीच कब्रिस्तान के समीप सामने से आ रही दूसरी बाइक से उनकी जोरदार टक्कर हो गई. टक्कर के बाद सोनेलाल साह गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर गए.
112 पुलिस टीम ने घायल को पहुंचाया अस्पताल
दुर्घटना की सूचना मिलते ही बंजरिया थाने की 112 पुलिस गाड़ी और गश्ती दल मौके पर पहुंच गया. पुलिसकर्मियों ने तत्काल घायल सोनेलाल साह को इलाज के लिए पकड़िया स्थित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र बंजरिया पहुंचाया.
वहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार किया. गंभीर स्थिति को देखते हुए डॉक्टरों ने उन्हें बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल, मोतिहारी रेफर कर दिया.
दूसरे बाइक सवार को मामूली चोट
हादसे में दूसरी बाइक पर सवार युवक को भी चोटें आईं, हालांकि उसकी स्थिति गंभीर नहीं बताई गई है. स्थानीय स्तर पर उसे उपचार उपलब्ध कराया गया.
पुलिस ने शुरू की मामले की जांच
घटना की पुष्टि 112 वाहन पर तैनात दारोगा राजीव कुमार ने की. पुलिस हादसे के कारणों की जानकारी जुटा रही है. दुर्घटना में शामिल दोनों बाइक सवारों के संबंध में भी पुलिस आवश्यक जानकारी एकत्र कर रही है.
यह भी पढ़ें: स्वतंत्रता दिवस से पहले नरकटियागंज स्टेशन पर हाई अलर्ट, डॉग स्क्वाड ने की जांच
