मधुबनी: महिला एवं बाल विकास निगम, मधुबनी के तत्वावधान में जिला हब फॉर एम्पावरमेंट ऑफ वीमेन की ओर से बिस्फी प्रखंड की नूरचक पंचायत स्थित आंगनबाड़ी केंद्र संख्या-123 पर महिला जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया. कार्यक्रम का उद्देश्य महिलाओं और किशोरियों को उनके अधिकारों, सुरक्षा, स्वास्थ्य, शिक्षा, वित्तीय सशक्तिकरण और सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रति जागरूक करना था. इसमें बड़ी संख्या में महिलाओं, किशोरियों और स्थानीय लोगों ने भाग लिया.
सरकारी योजनाओं की दी गई जानकारी
जिला मिशन समन्वयक अंजनी कुमार झा ने महिलाओं के सामाजिक, आर्थिक और राजनीतिक सशक्तिकरण पर जोर देते हुए प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना, मुख्यमंत्री कन्या उत्थान योजना, जननी सुरक्षा योजना समेत अन्य सरकारी योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी. उन्होंने पंचायत स्तर पर आयोजित सहयोग शिविरों का लाभ उठाने और अधिक से अधिक महिलाओं से इन योजनाओं का फायदा लेने की अपील की.
सामाजिक कुरीतियों पर भी किया जागरूक
कार्यक्रम में महिलाओं को साइबर अपराध, डिजिटल अरेस्ट, ऑनलाइन वित्तीय धोखाधड़ी, बाल विवाह, दहेज प्रथा और महिलाओं के विरुद्ध होने वाले अपराधों के प्रति जागरूक रहने का संदेश दिया गया. वक्ताओं ने कहा कि बदलते समय में डिजिटल सुरक्षा के प्रति सतर्क रहना बेहद जरूरी है.
महिला सुरक्षा और कानूनी अधिकारों पर चर्चा
लैंगिक विशेषज्ञ शिवराम मेहरा ने घरेलू हिंसा, लैंगिक समानता, महिला सुरक्षा और महिलाओं के कानूनी अधिकारों पर विस्तार से जानकारी दी. उन्होंने वन स्टॉप सेंटर की ओर से उपलब्ध कानूनी सहायता, मनोसामाजिक परामर्श, अस्थायी आश्रय, आपातकालीन सहायता और महिला हेल्पलाइन जैसी सेवाओं के बारे में भी बताया.
पोषण ट्रैकर पर दिए गए निर्देश
महिला पर्यवेक्षिका संजना कुमारी ने सभी आंगनबाड़ी सेविकाओं से पोषण ट्रैकर के तहत लक्ष्य के अनुरूप ऑनलाइन आवेदन करने और सभी आवश्यक सूचनाओं की शत-प्रतिशत ऑनलाइन प्रविष्टि सुनिश्चित करने का आग्रह किया. कार्यक्रम के दौरान प्रतिभागियों ने अपनी समस्याएं और सुझाव भी साझा किए, जिनका विशेषज्ञों ने समाधान किया.
यह भी पढे़ं: झंझारपुर: मॉनसून कप अंडर-14 क्रिकेट में रोमांचक मुकाबला, दरभंगा ने बेनीपुर को 1 विकेट से हराया
