Benipatti News: हरलाखी थाना पुलिस ने मादक पदार्थ के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 260 ग्राम ब्राउन शुगर के साथ दो तस्करों को गिरफ्तार किया है. दोनों आरोपितों के पास से तीन मोबाइल फोन भी बरामद किए गए हैं. मामले में हरलाखी थाना में एनडीपीएस एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है.
गुप्त सूचना पर शुरू किया गया वाहन जांच अभियान
बेनीपट्टी स्थित कार्यालय प्रकोष्ठ में गुरुवार को आयोजित प्रेसवार्ता में एसडीपीओ अमित कुमार ने बताया कि बुधवार की सुबह करीब 10 बजे मादक पदार्थ की तस्करी की गुप्त सूचना मिली थी. सूचना के आधार पर पीएसआई संतोष कुमार ने सशस्त्र बल के साथ हरलाखी थाना क्षेत्र के विशौल गांव में वाहन जांच अभियान शुरू किया.
इसी दौरान एक बाइक पर सवार लदनिया थाना क्षेत्र के जोगिया गांव निवासी मोतीलाल साह पुलिस को देखकर भागने लगा, लेकिन पुलिस ने उसे पकड़ लिया. तलाशी के दौरान उसके पास से वीवो कंपनी का एक मोबाइल फोन और तीन पैकेट में रखी 156 ग्राम ब्राउन शुगर बरामद हुई.
पूछताछ के बाद दूसरे तस्कर की हुई गिरफ्तारी
एसडीपीओ ने बताया कि पूछताछ में मोतीलाल साह ने खुलासा किया कि वह साहरघाट थाना क्षेत्र के रैमा गांव निवासी मो. अलाउद्दीन से ब्राउन शुगर खरीदकर अपने गांव में खुदरा बिक्री करता था. उसकी निशानदेही पर पुलिस ने रैमा गांव स्थित मो. अलाउद्दीन के घर पर छापेमारी की.
पुलिस को देखकर अलाउद्दीन भागने का प्रयास करने लगा, लेकिन उसे भी गिरफ्तार कर लिया गया. तलाशी के दौरान उसके पास से 104 ग्राम ब्राउन शुगर के दो पैकेट और दो मोबाइल फोन बरामद किए गए.
एनडीपीएस एक्ट के तहत दर्ज हुई प्राथमिकी
दोनों आरोपितों को गिरफ्तार कर हरलाखी थाना लाया गया. बरामद 260 ग्राम ब्राउन शुगर और तीनों मोबाइल फोन जब्त कर लिए गए हैं. इस मामले में एनडीपीएस एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज कर पुलिस आगे की कार्रवाई में जुटी है.
छापेमारी दल में हरलाखी थानाध्यक्ष रंजीत कुमार, पीएसआई संतोष कुमार, बीएसएपी के निलेश कुमार और हेमनारायण यादव शामिल थे.
