लौकहा में अवैध वधशाला पर एसएसबी और पुलिस की संयुक्त छापेमारी, 14 मवेशी बरामद

लौकहा में एसएसबी और पुलिस ने संयुक्त छापेमारी कर अवैध वधशाला से 14 मवेशी और प्रतिबंधित मांस बरामद किया। मामले में चार लोगों को गिरफ्तार कर कार्रवाई की जा रही है।

Madhubani News: भारत-नेपाल सीमा से सटे लौकहा थाना क्षेत्र में रविवार की सुबह सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) और लौकहा थाना पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए एक अवैध वधशाला का भंडाफोड़ किया. ड्रोन निगरानी के आधार पर की गई इस छापेमारी में 14 मवेशी और प्रतिबंधित मांस बरामद किया गया. मौके से चार लोगों को गिरफ्तार किया गया है, जिनमें एक नाबालिग भी शामिल है.

ड्रोन की मदद से हुई कार्रवाई

18वीं वाहिनी सशस्त्र सीमा बल के कमांडेंट कोजा राम लमरोर के मार्गदर्शन, उप कमांडेंट (डीसी ऑप्स) अजीत सिंह के पर्यवेक्षण और सहायक कमांडेंट विकास रॉय की अगुआई में कंपनी मुख्यालय सह बीओपी लौकहा एवं लौकहा थाना पुलिस ने परतीटोला गांव में संयुक्त छापेमारी की. कार्रवाई से पहले क्षेत्र की ड्रोन के माध्यम से निगरानी की गई, जिसके आधार पर अवैध वधशाला तक टीम पहुंची.

चार गिरफ्तार, पुलिस को सौंपे गए जब्त मवेशी

छापेमारी के दौरान एसएसबी और पुलिस ने 14 मवेशियों के साथ प्रतिबंधित मांस बरामद किया. मौके से परतीटोला गांव निवासी राजाउल्ला, मोहम्मद हारून, मोहम्मद वसीम तथा एक नाबालिग को गिरफ्तार किया गया. आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद एसएसबी ने जब्त मवेशी और प्रतिबंधित मांस को आगे की कार्रवाई के लिए लौकहा थाना पुलिस के सुपुर्द कर दिया.

सीमावर्ती क्षेत्रों में अवैध गतिविधियों पर रहेगी सख्त नजर

एसएसबी के पदाधिकारी मंगलम कुमार ने बताया कि भारत-नेपाल अंतरराष्ट्रीय सीमा पर सुरक्षा सुनिश्चित करने के साथ-साथ सीमावर्ती इलाकों में होने वाली अवैध गतिविधियों पर रोक लगाने के लिए एसएसबी स्थानीय पुलिस और अन्य कानून प्रवर्तन एजेंसियों के साथ समन्वय बनाकर लगातार प्रभावी कार्रवाई कर रही है. उन्होंने कहा कि भविष्य में भी इस तरह के अभियान जारी रहेंगे.


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat khabar news desk

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >