मधेपुर को नगर पंचायत का दर्जा अगस्त तक, जनता दरबार लगाकर मंत्री नीतीश मिश्रा ने सुनीं समस्याएं

मंत्री नीतीश मिश्रा ने जनता दरबार लगाकर मधेपुर के लोगों की समस्याएं सुनीं. नाव, पेंशन और जलजमाव जैसे मुद्दों पर अधिकारियों को 15 दिनों में कार्रवाई के निर्देश दिए गए.

Nitish Mishra: नगर विकास एवं आवास मंत्री नीतीश मिश्रा ने रविवार को मधेपुर स्थित कोसी निरीक्षण भवन में जनता दरबार लगाकर लोगों की समस्याएं सुनीं. करीब दो घंटे तक चली सुनवाई में उन्होंने विभिन्न गांवों से पहुंचे लोगों के आवेदन पढ़े और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए.

नाव, पेंशन और जलजमाव की समस्याएं उठीं

जनता दरबार में दरजिया गांव के ज्वाला मुखिया ने बरसात के दौरान आवागमन के लिए नाव की व्यवस्था की मांग की. उन्होंने कहा कि नदी के कारण बच्चे स्कूल और मरीज अस्पताल नहीं पहुंच पाते हैं.

भीठ भगवानपुर के श्रवण कामत ने सांस्कृतिक स्थल पर सामुदायिक भवन बनाने की मांग रखी. वहीं पचही के जय बाल सिंह ने नाम में त्रुटि के कारण छह महीने से बंद पेंशन शुरू कराने की मांग की. मॉडल स्कूल के पास जलजमाव की समस्या विकास झा ने उठाई, जबकि सचिन कुमार पासवान ने बेलटोन नियुक्ति से जुड़ी फाइल पर जल्द कार्रवाई का अनुरोध किया.

अधिकारियों को दिए समयबद्ध निर्देश

मंत्री ने सभी मामलों पर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए. उन्होंने कहा कि सरकार की प्राथमिकता आम लोगों की मूलभूत जरूरतों को पूरा करना है. एसडीएम और बीडीओ को पेंशन, नाला निर्माण तथा अन्य लंबित योजनाओं से संबंधित मामलों का 15 दिनों के भीतर निपटारा करने को कहा. नाव की व्यवस्था के लिए जिला प्रशासन से समन्वय कर शीघ्र कार्रवाई करने का भी निर्देश दिया.

नगर पंचायत बनाने पर क्या बोले मंत्री

मधेपुर को नगर पंचायत का दर्जा देने की मांग पर मंत्री ने कहा कि राज्य सरकार इस विषय पर गंभीरता से विचार कर रही है. उन्होंने कहा कि अगस्त तक इस संबंध में स्पष्ट निर्देश जारी होने की संभावना है, जबकि अगले वर्ष होने वाली जनगणना के बाद मधेपुर को नगर का दर्जा देने पर अंतिम निर्णय लिया जाएगा.

कार्यक्रम में जिला उपाध्यक्ष, प्रखंड अध्यक्ष सहित दीवाकर झा, बीपेलेश ठाकुर, हरखु झा, राम जीवन मंडल, शंकर कामत, नवनीश कुमार झा, वीरेंद्र मंडल, आशुतोष झा, महेश झा, लाल महतो, अश्विनी कुमार और दधीचि मिश्रा सहित बड़ी संख्या में एनडीए कार्यकर्ता एवं जनप्रतिनिधि मौजूद रहे.


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By संजय कुमार

संजय कुमार प्रिंट माध्यम में 15 वर्षों से और डिजिटल माध्यम में पिछले 3 सालों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. झंझारपुर (मधुबनी) क्षेत्र में काम कर रहे हैं. सामाजिक कार्यों, शिक्षा, राजनीति व खेल में रुचि रखते हैं.

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >