Madhubani News: श्रम संसाधन विभाग के तत्वावधान में श्रम अधिकार दिवस के अवसर पर जिला परिषद कार्यालय परिसर में एक दिवसीय विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया. कार्यक्रम का शुभारंभ श्रम प्रवर्तन अधिकारी विष्णुधर शर्मा, सरफराज अहमद खान, रौशन कुमार, अमित कुमार एवं आकांक्षा कुमारी ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया.
श्रमिकों को अधिकारों और योजनाओं की दी गई जानकारी
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए श्रम प्रवर्तन अधिकारी विष्णुधर शर्मा ने श्रमिकों को उनके कानूनी अधिकारों, सरकारी कल्याणकारी योजनाओं, सुरक्षित कार्यस्थल और कौशल विकास के महत्व की जानकारी दी. उन्होंने कहा कि कार्यक्रम का उद्देश्य श्रमिकों को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करने के साथ-साथ उन्हें आत्मनिर्भर और सशक्त बनाना है.
उन्होंने बताया कि सरकार श्रमिकों के कल्याण के लिए विभिन्न योजनाएं संचालित कर रही है और विभाग इन योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाने के लिए लगातार प्रयासरत है. उन्होंने श्रमिकों से विभाग से जुड़कर अधिक से अधिक योजनाओं का लाभ लेने की अपील की.
श्रम कानून और सामाजिक सुरक्षा पर मिला प्रशिक्षण
प्रशिक्षण सत्र में अमित कुमार ने न्यूनतम वेतन, सामाजिक सुरक्षा, स्वास्थ्य एवं सुरक्षा मानकों, श्रम कानूनों तथा विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ उठाने की प्रक्रिया विस्तार से बताई. उन्होंने कार्यस्थल पर सुरक्षा उपायों का पालन करने और कौशल उन्नयन के माध्यम से बेहतर रोजगार के अवसर प्राप्त करने के लिए भी प्रेरित किया.
श्रमिकों की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण : सरफराज अहमद खान
सरफराज अहमद खान ने कहा कि देश के विकास में श्रमिकों की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण है. यदि श्रमिक अपने अधिकारों और कर्तव्यों के प्रति जागरूक होंगे तो वे न केवल अपने जीवन स्तर में सुधार कर सकेंगे, बल्कि समाज और राष्ट्र के विकास में भी महत्वपूर्ण योगदान देंगे.
प्रतिभागियों ने लिया संकल्प
प्रशिक्षण में शामिल श्रमिकों ने कार्यक्रम को उपयोगी और प्रेरणादायक बताते हुए कहा कि उन्हें अपने अधिकारों और सरकारी योजनाओं से जुड़ी कई महत्वपूर्ण जानकारियां मिलीं. कार्यक्रम के अंत में सभी प्रतिभागियों को सुरक्षित, सम्मानजनक और जिम्मेदार कार्य संस्कृति अपनाने का संकल्प दिलाया गया.
इस अवसर पर रौशन कुमार, अभय कुमार, हितेश कुमार भार्गव, अश्विनी राज, अभिषेक कुमार, प्रधान लिपिक सम्राट जितेंद्र, मनोज कुमार गुप्ता, विभा कुमारी, आदित्य कुमार मिश्र, बिक्रम कुमार, दिलीप कुमार यादव सहित विभाग के कई पदाधिकारी एवं कर्मी उपस्थित रहे.
