मधुबनी: लौकही थाना क्षेत्र के अटरी नहर चौक के समीप सोमवार की शाम बड़ी कोशी नहर में डूबी 16 वर्षीय किशोरी का शव करीब 16 घंटे बाद एसडीआरएफ टीम ने बरामद किया. मृतका की पहचान अटरी गांव निवासी रामकुमार सदाय की पुत्री रौशनी कुमारी के रूप में हुई.
बकरी चराने के दौरान नहर में गिरी किशोरी
बताया जा रहा है कि सोमवार की शाम रौशनी कुमारी नहर किनारे बकरी चराने गयी थी. इसी दौरान उसका पैर फिसल गया और वह नहर के गहरे पानी में गिरकर डूब गयी.
घटना की जानकारी मिलते ही परिजन और ग्रामीणों ने नहर में किशोरी की काफी खोजबीन की, लेकिन शाम होने और अंधेरा छा जाने के कारण उसका पता नहीं चल सका. इसके बाद ग्रामीणों ने किशोरी के नहर में डूबने की सूचना स्थानीय प्रशासन को दी.
रात होने के कारण शुरू नहीं हो सका रेस्क्यू
किशोरी के डूबने की सूचना मिलते ही लौकही प्रशासन ने एसडीआरएफ टीम को जानकारी दी. रात होने के कारण रेस्क्यू अभियान शुरू नहीं हो सका. मंगलवार सुबह करीब नौ बजे एसडीआरएफ टीम घटनास्थल पर पहुंची और किशोरी की तलाश शुरू की.
करीब दोपहर 12 बजे घटनास्थल से लगभग आधा किलोमीटर दूर लौकहा थाना क्षेत्र में नहर से किशोरी का शव बरामद किया गया.
लौकहा थाना पुलिस ने शव को भेजा पोस्टमार्टम के लिए
शव मिलने के बाद लौकही थाना और लौकहा थाना की पुलिस घटनास्थल पर पहुंची. शव लौकहा थाना क्षेत्र में मिलने के कारण एसडीआरएफ टीम ने उसे लौकहा थाना पुलिस के हवाले कर दिया.
लौकहा थानाध्यक्ष धीरज कुमार ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कागजी प्रक्रिया पूरी की. इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल, मधुबनी भेज दिया गया.
यह भी पढ़ें
झंझारपुर-लौकहा रेलखंड पर मिला 20-25 दिन पुराना सड़ा-गला शव, डीएनए जांच से होगी पहचान
