Madhubani: झंझारपुर स्टेशन पहुंचे समस्तीपुर डीआरएम, गंदगी देख अधिकारियों को लगाई फटकार

झंझारपुर स्टेशन पर समस्तीपुर रेल मंडल के डीआरएम के औचक निरीक्षण से अधिकारियों में हड़कंप मच गया. साफ-सफाई की खराब स्थिति पर उन्होंने कड़ी नाराजगी जताई. पढ़ें पूरी खबर…

Madhubani News: समस्तीपुर रेल मंडल के डीआरएम ज्योति प्रकाश मिश्रा ने रविवार को झंझारपुर जंक्शन का औचक निरीक्षण किया. डीआरएम के अचानक स्टेशन पहुंचने से रेलवे अधिकारियों और कर्मचारियों में हड़कंप मच गया. निरीक्षण के दौरान उन्होंने स्टेशन परिसर की साफ-सफाई, यात्री सुविधाओं और अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत चल रहे विकास कार्यों का जायजा लिया.

गंदगी देख अधिकारियों को लगाई फटकार

डीआरएम ने प्लेटफॉर्म, वेटिंग हॉल, शौचालय, पेयजल व्यवस्था और टिकट काउंटर का बारीकी से निरीक्षण किया. इस दौरान स्टेशन परिसर में साफ-सफाई की स्थिति संतोषजनक नहीं मिलने पर उन्होंने नाराजगी जताई.

उन्होंने स्टेशन प्रबंधक और संबंधित अधिकारियों को फटकार लगाते हुए तत्काल सफाई व्यवस्था सुधारने का निर्देश दिया. डीआरएम ने स्पष्ट कहा कि यात्री सुविधाओं में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी.

अमृत भारत योजना के कार्यों की समीक्षा

झंझारपुर स्टेशन को अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत विकसित किया जा रहा है. डीआरएम ने स्टेशन पर चल रहे पुनर्विकास कार्यों की प्रगति की समीक्षा की और निर्माण एजेंसी को गुणवत्ता के साथ समय पर काम पूरा करने का निर्देश दिया.

उन्होंने नए फुट ओवरब्रिज, लिफ्ट और एस्केलेटर जैसी प्रस्तावित सुविधाओं पर भी चर्चा की. डीआरएम ने कहा कि झंझारपुर महत्वपूर्ण रेलवे जंक्शन है और यहां यात्रियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना रेलवे की प्राथमिकता है.

सुरक्षा व्यवस्था का भी लिया जायजा

निरीक्षण के दौरान डीआरएम ने आरपीएफ और जीआरपी पोस्ट का भी निरीक्षण किया. उन्होंने अधिकारियों को स्टेशन परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों को हमेशा चालू और दुरुस्त रखने का निर्देश दिया.

इस दौरान स्थानीय यात्रियों और जनप्रतिनिधियों ने कई प्रमुख एक्सप्रेस ट्रेनों के ठहराव की मांग भी उठाई. डीआरएम ने आश्वासन दिया कि यात्रियों की सुविधा को देखते हुए प्रस्ताव मुख्यालय भेजा जाएगा.

निरीक्षण के समय सीनियर डीसीएम, सीनियर डीईएन, सीनियर डीओएम समेत कई वरिष्ठ रेलवे अधिकारी मौजूद रहे.

मधुबनी के झंझारपुर से संजय कर्ण की रिपोर्ट

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Sarfaraz Ahmad

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >