Madhubani Crime News: मधुबनी जिले के झंझारपुर अनुमंडल क्षेत्र में एक दर्दनाक घटना सामने आई है, जहां एक नाबालिग लड़की के साथ कथित तौर पर अपहरण और दुष्कर्म किया गया. घटना के बाद पीड़िता की मां ने स्थानीय थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराते हुए तीन युवकों पर गंभीर आरोप लगाए हैं. पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए पीड़िता का मेडिकल परीक्षण कराने की प्रक्रिया शुरू कर दी है और गहनता से जांच में जुट गई है.
कोचिंग जाते वक्त किया अगवा
थाने में दिए गए आवेदन के अनुसार, पीड़िता अपने घर से कोचिंग के लिए निकली थी. इसी दौरान रास्ते में तीन युवकों ने जबरन उसका अपहरण कर लिया और उसे पास के एक बगीचे में ले गए. आरोप है कि वहां तीनों आरोपियों ने पीड़िता के साथ दुष्कर्म की घटना को अंजाम दिया. वारदात के बाद आरोपी पीड़िता को बेहोशी की हालत में वहीं छोड़कर मौके से फरार हो गए. होश में आने के बाद किसी तरह पीड़िता अपने घर पहुंची और परिजनों को पूरी घटना की जानकारी दी.
पुलिस ने शुरू की छापेमारी
घटना से आक्रोशित पीड़िता की मां ने आरोपियों की जल्द से जल्द गिरफ्तारी और सख्त से सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है. इस मामले पर प्रभारी थानाध्यक्ष बिहारी आलम ने बताया कि आवेदन प्राप्त हो गया है और उसके आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी गई है. पुलिस आरोपियों की पहचान करने में जुटी है और उनकी गिरफ्तारी के लिए विभिन्न ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है.
यह भी पढ़ें... कृषि वैज्ञानिकों ने जारी किए महत्वपूर्ण सुझाव, जानें तिल और अरहर की सही तकनीक
