Madhubani News: प्रखंड के सर्वोदय प्लस टू हाई स्कूल, बैंगरा में आयोजित पांच दिवसीय स्काउट-गाइड प्रशिक्षण शिविर का समापन शनिवार को हुआ. समापन समारोह में छात्र-छात्राओं ने सेवा, अनुशासन और राष्ट्रभक्ति पर आधारित आकर्षक प्रस्तुतियां देकर सभी का मन मोह लिया.
देशभक्ति और सामाजिक जागरूकता का दिया संदेश
प्रशिक्षण के दौरान विद्यार्थियों ने भ्रूण हत्या के खिलाफ लोगों को जागरूक करने का संदेश दिया. साथ ही सेना के कार्यों का अभिनय प्रस्तुत कर देशभक्ति की भावना को प्रोत्साहित किया. विद्यार्थियों ने परेड और योगासन के विभिन्न अभ्यासों का प्रदर्शन करते हुए उनके स्वास्थ्य लाभों की भी जानकारी दी.
सांस्कृतिक कार्यक्रमों की रही धूम
समापन समारोह में छात्र-छात्राओं ने लोकनृत्य झिझिया, भक्तिगीत, राष्ट्रीय गीत तथा अन्य सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए, जिन्हें उपस्थित लोगों ने खूब सराहा.
शिक्षकों ने बढ़ाया बच्चों का उत्साह
कार्यक्रम की अध्यक्षता विद्यालय की प्रधानाध्यापिका भारती कुमारी ने की. स्काउट-गाइड आयुक्त केशव कुमार के निर्देशन में आयोजित कार्यक्रम का संचालन आशुतोष मिश्र ने किया.
