Madhubani News: मधुबनी में शराबबंदी कानून को सख्ती से लागू करने के लिए उत्पाद विभाग ने 24 घंटे का विशेष अभियान चलाया. जिलेभर में 92 स्थानों पर हुई छापेमारी के दौरान 12 लोगों को गिरफ्तार किया गया. इस कार्रवाई में 621.2 लीटर शराब, तीन वाहन और अवैध शराब निर्माण में इस्तेमाल होने वाली सामग्री बरामद की गई. वहीं, ड्रोन की मदद से अवैध शराब बनाने की तैयारी का भी खुलासा हुआ.
92 जगहों पर छापेमारी, 12 गिरफ्तार
उत्पाद अधीक्षक विजयकांत ठाकुर ने बताया कि पिछले 24 घंटे के दौरान विभाग की अलग-अलग टीमों ने जिले के 92 स्थानों पर छापेमारी की. अभियान के दौरान कुल 12 लोगों को गिरफ्तार किया गया. इनमें चार शराब तस्कर और आठ शराब का सेवन करने वाले लोग शामिल हैं.
621.2 लीटर शराब और तीन वाहन जब्त
छापेमारी के दौरान 615 लीटर देसी शराब और 6.2 लीटर विदेशी शराब, यानी कुल 621.2 लीटर शराब बरामद की गई. इसके अलावा शराब तस्करी में इस्तेमाल की जा रही एक स्कॉर्पियो समेत तीन वाहनों को भी जब्त कर कानूनी कार्रवाई के लिए विभाग के कब्जे में लिया गया.
ड्रोन से मिली बड़ी सफलता
उत्पाद अधीक्षक ने बताया कि अवैध शराब निर्माण और तस्करी पर रोक लगाने के लिए आधुनिक तकनीक का इस्तेमाल किया जा रहा है. अरेर थाना क्षेत्र के नगवास गांव में ड्रोन से निगरानी के दौरान अवैध शराब बनाने की तैयारी का पता चला. सूचना के आधार पर पहुंची टीम ने मौके से 480 किलोग्राम अर्द्धनिर्मित शराब का घोल बरामद कर मौके पर ही नष्ट कर दिया. इससे अवैध शराब निर्माण की बड़ी कोशिश विफल हो गई.
लोगों से मांगी सहयोग की अपील
उत्पाद विभाग ने कहा कि शराबबंदी कानून को प्रभावी बनाने के लिए ऐसे विशेष अभियान आगे भी जारी रहेंगे. गिरफ्तार आरोपितों से पूछताछ कर उनके नेटवर्क की जानकारी जुटाई जा रही है. विभाग ने आम लोगों से अपील की है कि यदि कहीं अवैध शराब के निर्माण, भंडारण या तस्करी की सूचना मिले तो तुरंत उत्पाद विभाग या स्थानीय प्रशासन को जानकारी दें, ताकि समय पर कार्रवाई की जा सके.
