Office Flag Hoisting: मधुबनी जिला के लखनौर में स्वतंत्रता दिवस की तैयारी के लिए शनिवार को बीडीओ प्रकोष्ठ में प्रखंड प्रमुख वंदना भारती की अध्यक्षता में एक अहम बैठक आयोजित की गई. इस बैठक में आगामी 15 अगस्त को होने वाले स्वतंत्रता दिवस समारोह एवं विभिन्न सरकारी कार्यालयों व संस्थानों में झंडोत्तोलन कार्यक्रम की रूपरेखा तैयार की गई.
Madhubani News: झंडोत्तोलन का निर्धारित समय
बैठक में लिए गए निर्णय के अनुसार विभिन्न परिसरों में झंडोत्तोलन का समय निम्नलिखित तय किया गया है:
- प्रखंड कार्यालय परिसर: सुबह 8:30 बजे
- लखनौर थाना परिसर: सुबह 8:50 बजे
- प्रखंड शिक्षा कार्यालय: सुबह 9:05 बजे
- प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र: सुबह 9:20 बजे
- धरावती प्लस टू उच्च विद्यालय: सुबह 9:45 बजे
समारोह को गरिमापूर्ण बनाने पर जोर
बैठक में बीडीओ ने कहा कि प्रत्येक वर्ष की भांति इस वर्ष भी स्वतंत्रता सेनानियों, पंचायत प्रतिनिधियों एवं गणमान्य व्यक्तियों को समारोह में विशेष रूप से आमंत्रित किया जाएगा. स्वतंत्रता दिवस समारोह को पूरी गरिमापूर्ण और व्यवस्थित तरीके से आयोजित करने के लिए आवश्यक तैयारियों पर भी विस्तार से चर्चा की गई.
इस बैठक में सीओ ऋषि कुमार राकेश, बीईओ शिवनारायण कुमार सुमन, प्रभारी थानाध्यक्ष मिताली कुमारी सहित अन्य कई प्रमुख पदाधिकारी एवं कर्मी उपस्थित रहे.
