उगना महादेव मंदिर जाने वाले मार्ग पर DJ और लाउडस्पीकर बैन, श्रावणी मेला को लेकर धारा 163 लागू

मधुबनी में भैरवा श्रावणी मेला के दौरान शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए प्रशासन ने एक बड़ा कदम उठाया है. उगना महादेव मंदिर जाने वाले मार्ग पर डीजे और ध्वनि विस्तारक यंत्रों के उपयोग पर 2 अगस्त से 28 अगस्त तक पूर्ण प्रतिबंध लगा दिया गया है.

मधुबनी: भैरवा श्रावणी मेला के दौरान विधि-व्यवस्था, सांप्रदायिक सौहार्द और सामाजिक समरसता बनाए रखने के लिए प्रशासन ने बड़ा फैसला लिया है. अनुमंडल दंडाधिकारी, बेनीपट्टी ने भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (बीएनएसएस) की धारा 163 के तहत बलहा घाट से भैरवा स्थित उगना महादेव मंदिर तक जाने वाले मार्ग पर डीजे और ध्वनि विस्तारक यंत्रों के उपयोग पर पूर्ण प्रतिबंध लगा दिया है.

2 अगस्त से 28 अगस्त तक लागू रहेगा आदेश

प्रशासन द्वारा जारी आदेश के अनुसार यह निषेधाज्ञा 2 अगस्त के अपराह्न से 28 अगस्त के पूर्वाह्न तक प्रभावी रहेगी. आवश्यकता पड़ने पर इसकी अवधि बढ़ाई भी जा सकती है. इस दौरान संबंधित मार्ग पर किसी भी प्रकार के डीजे या अन्य ध्वनि विस्तारक यंत्रों के संचालन की अनुमति नहीं होगी.

श्रद्धालुओं की सुरक्षा को देखते हुए फैसला

श्रावणी मेला के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु बलहा घाट सहित विभिन्न क्षेत्रों से जल लेकर उगना महादेव मंदिर में जलाभिषेक के लिए पहुंचते हैं. भारी भीड़ और संभावित संवेदनशील परिस्थितियों को देखते हुए प्रशासन ने यह कदम उठाया है, ताकि मेला शांतिपूर्ण और सुरक्षित माहौल में संपन्न हो सके.

अधिकारियों को दिए गए प्रचार-प्रसार के निर्देश

अनुमंडल प्रशासन ने संबंधित अंचल अधिकारियों, प्रखंड विकास पदाधिकारियों, थानाध्यक्षों और अन्य जिम्मेदार अधिकारियों को आदेश का व्यापक प्रचार-प्रसार सुनिश्चित करने का निर्देश दिया है. इसके लिए ध्वनि विस्तारक यंत्रों और चौकीदारों के माध्यम से ढोल पिटवाकर भी आम लोगों को जानकारी देने को कहा गया है.

श्रद्धालुओं से सहयोग की अपील

जिला प्रशासन ने सभी श्रद्धालुओं और आम नागरिकों से अपील की है कि वे जारी निर्देशों का पूरी तरह पालन करें और भैरवा श्रावणी मेला को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने में प्रशासन का सहयोग करें. यह आदेश सरकारी अधिकारियों एवं विधि-व्यवस्था बनाए रखने में तैनात कर्मियों के आधिकारिक कार्यों पर लागू नहीं होगा.

यह भी पढे़ं: मधुबनी में महिलाओं को किया गया जागरूक, साइबर फ्रॉड और दहेज प्रथा पर विशेषज्ञों ने दी सलाह


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Awadesh kumar das

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >