मधुबनी चौक की ज्वेलरी दुकान में चोरी, छत का अल्बेस्टस हटाकर 40 हजार के चांदी के जेवरात ले गये चोर

कुमारखंड में चोरों ने फिर सक्रियता दिखाते हुए एक ज्वेलरी दुकान से करीब 40 हजार रुपये के चांदी के जेवरात चुरा लिए. चोरों ने दुकान की छत का अल्बेस्टस हटाकर वारदात को अंजाम दिया. पुलिस संदिग्धों की पहचान के लिए आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है.

Madhepura News: मधेपुरा के कुमारखंड में चोरों ने ज्वेलरी दुकान को निशाना बनाकर पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था को चुनौती दी है. श्रीनगर थाना क्षेत्र के इसरायन बेला पंचायत स्थित मधुबनी चौक पर सोमवार देर रात चोरों ने ओम राधिका ज्वेलर्स की छत का अल्बेस्टस हटाया और दुकान के अंदर घुस गये. चोर दुकान से करीब 40 हजार रुपये मूल्य के चांदी के जेवरात लेकर फरार हो गये.

घटना का पता मंगलवार सुबह तब चला, जब दुकान संचालक सौरभ कुमार दुकान खोलने पहुंचे. अंदर सामान बिखरा देखकर उन्हें चोरी का पता चला. इसके बाद उन्होंने तत्काल पुलिस को सूचना दी.

सुबह दुकान पहुंचे तो बिखरा मिला सामान

सौरभ कुमार ने बताया कि वह सोमवार रात रोजाना की तरह दुकान बंद कर घर चले गये थे. उस समय दुकान में सब कुछ सामान्य था.

मंगलवार सुबह दुकान खोलने पहुंचे तो सामान अस्त-व्यस्त मिला. जांच करने पर चांदी के जेवरात गायब मिले. इसके बाद दुकान की छत की ओर देखा गया तो अल्बेस्टस हटा हुआ था.

आशंका है कि चोर छत के रास्ते दुकान में दाखिल हुए और वारदात को अंजाम देने के बाद उसी रास्ते से निकल गये.

सीसीटीवी बंद होने से जांच में आयी मुश्किल

दुकान में लगा सीसीटीवी कैमरा रिचार्ज नहीं होने के कारण बंद था. इस वजह से पुलिस को दुकान के अंदर हुई चोरी की सीधी फुटेज नहीं मिल सकी.

हालांकि, पुलिस के लिए जांच में एक अहम सुराग हाथ लगा है. दुकान के पास लगे दूसरे प्रतिष्ठान के सीसीटीवी कैमरे में रात करीब 11:30 बजे दो संदिग्ध युवक नजर आये हैं. दोनों ने मास्क लगा रखा था.

अब पुलिस आसपास के अन्य सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है, ताकि संदिग्धों की गतिविधियों और आने-जाने के रास्ते का पता लगाया जा सके.

पुलिस फुटेज के आधार पर पहचान में जुटी

घटना की सूचना मिलने के बाद श्रीनगर थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और दुकान की जांच की. पुलिस ने आसपास के लोगों से भी जानकारी ली.

थानाध्यक्ष कृष्ण कुमार ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज के आधार पर मामले की जांच की जा रही है. संदिग्ध युवकों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है.

पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि वारदात में कितने लोग शामिल थे और चोरी के बाद वे किस दिशा में गये.

इलाके में पहले भी हो चुकी हैं चोरी की घटनाएं

स्थानीय स्तर पर बताया गया कि क्षेत्र में पहले भी चोरी की घटनाएं सामने आ चुकी हैं. ज्वेलरी दुकान में चोरी की घटना के बाद कारोबारियों में सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गयी है.

पुलिस ने क्षेत्र में निगरानी बढ़ाने के लिए चौकीदारों की तैनाती की है. साथ ही रात में संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने की बात कही गयी है.

Madhepura News: कारोबारियों के लिए सुरक्षा फिर बनी चिंता

बाजार में स्थित ज्वेलरी जैसी दुकानों में चोरी की घटना कारोबारियों के लिए बड़ी चिंता का विषय होती है. खासकर रात में दुकानें बंद रहने के दौरान सुरक्षा व्यवस्था महत्वपूर्ण हो जाती है.

इस मामले में दुकान का सीसीटीवी बंद होना भी जांच के लिए चुनौती बना है. हालांकि आसपास लगे कैमरों से मिले फुटेज के आधार पर पुलिस को संदिग्धों तक पहुंचने की उम्मीद है.

फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और आरोपियों की पहचान के बाद उनकी गिरफ्तारी के प्रयास किये जा रहे हैं.

Also Read: अक्टूबर से फिर बिहार के लोगों के बीच जाएंगे नीतीश कुमार? संजय झा से मुलाकात के बाद बढ़ी सियासी हलचल

Also Read: पटना नगर निगम ने अपने ही मेयर को थमाया नोटिस, 26 हजार आवासीय संपत्तियों पर सीलिंग का खतरा



प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By पवन कुमार

पवन कुमार प्रिंट माध्यम में 10 वर्षों से और डिजिटल माध्यम में पिछले 3 सालों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. कुमारखंड (मधेपुरा) क्षेत्र में काम कर रहे हैं. सामाजिक कार्यों, शिक्षा, राजनीति व खेल में रुचि रखते हैं.

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >