दूध लेकर लौट रहे बाइक सवार को अज्ञात पिकअप ने मारी टक्कर, चालक फरार
बड़हिया. प्रखंड के टाल क्षेत्र से जोड़ने वाली मुख्य सड़क पर दरौंक मोड़ के समीप हुए दर्दनाक सड़क हादसे में एक युवक की मौत हो गयी. शव की पहचान वार्ड संख्या 11, बाहापर निवासी विलास राम के 36 वर्षीय पुत्र राजीव कुमार के रूप में की गयी है. जानकारी के अनुसार, राजीव कुमार रोज की तरह टाल क्षेत्र से दूध लेकर बड़हिया लौट रहे थे. इसी दौरान दरौंक मोड़ के पास एक अज्ञात पिकअप वाहन ने उनकी बाइक में जबरदस्त टक्कर मार दी. टक्कर इतनी तेज थी कि राजीव कुमार गंभीर रूप से घायल हो गये व घटनास्थल पर ही उनकी मौत हो गयी. घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया. आसपास के ग्रामीणों की भीड़ जुट गयी और इसकी सूचना तत्काल पुलिस को दी गयी. बताया जाता है कि मृतक बड़हिया के वार्ड संख्या तीन निवासी किसान राजू सिंह के यहां काम करता था व प्रतिदिन टाल से दूध लाने का कार्य करता था. सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. वहीं, हादसे के बाद पिकअप चालक वाहन समेत फरार हो गया. पुलिस अज्ञात वाहन की पहचान व चालक की गिरफ्तारी के लिए छानबीन में जुट गयी है. घटना के बाद मृतक के परिजनों में कोहराम मच गया है. स्थानीय लोगों ने प्रशासन से सड़क पर बढ़ती दुर्घटनाओं पर रोक लगाने व दोषी वाहन चालक की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग की है.